महज पांच हजार में होती थी चोरी की दोपहिया की बिक्री Jamshedpur News
गिरोह के सरगना मो. इकबाल ने बताया कि चोरी के दोपहिया वाहनों को खुद खोलता था। कारण वह वाहन के शोरूम में मैकेनिक का काम कर चुका है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। चोरी की दोपहिया वाहन के पाट्र्स को खोलकर बिक्री करने वाले गिरोह के गिरफ्तार दो सदस्य मो. इकबाल और मो. सदाब को कदमा थाना की पुलिस ने मीडिया के सामने किया। मुख्यालय दो के डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि गिरोह में आदित्यपुर कपाली, सरायकेला समेत कई इलाके में वाहन चुराने वाले लोग शामिल हैं, जिनकी जानकारी दोनों से पूछताछ में मिली है।
पुलिस की छापेमारी जारी हैं। दोनों की निशानदेही पर करीब 100 वाहनों के खोले गए पाट्र्स और पांच बाइक बरामद की गई हैं। मो. इकबाल को चोरी की वाहन के साथ कदमा में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था। गौरतलब हैं कि कदमा थाना की पुलिस ने दोपहिया चुराकर उसकी कटिंग कर पाट्र्स की बिक्री करने वालों को पकड़ा था।
इधर, गिरोह के सरगना मो. इकबाल ने बताया कि चोरी के दोपहिया वाहनों को खुद खोलता था। कारण वह वाहन के शोरूम में मैकेनिक का काम कर चुका है। चोरी की वाहन की खरीद-बिक्री पांच हजार रुपये में की जाती थी। खोले गए पाट्र्स को गैरेज मैकेनिकों के माध्यम से बिक्री की जाती थी। उससे पुर्जे की खरीद-बिक्री कदमा का गैरेज मैकेनिक मो. सदाब करता था। करीब 100 वाहनों की चोरी इनके गिरोह के सदस्यों ने की है। इकबाल ने बताया वाहन चुराने और इसकी बिक्री करने में सहयोग करता था। उसने बताया आजादनगर गरीब नवाज घर पर चोरी की चार बाइक हैं जिसे पुलिस ने बरामद किया। उसके सहयोगी सदाब आलम के गैरेज से बाइक, दो इंजन और अन्य पाट्र्स जब्त किया गया।
500 में टंकी, 200 में टायर और 300 में रिम की होती थी बिक्री
मो. इकबाल ने पुलिस को बताया कि दोपहया की टंकी को 500 , टायर को 200 और 300 में रिम, शॉकर 700 , सीट की बिक्री वह अपने संपर्क में रहने वाले गैरेज मैकेनिकों को करता था। पूरे शहर में वह पुर्जो की बिक्री करता था। हर पुर्जा जरूरत के अनुसार बिक जाता था।