बरगद के पेड़ से लटकते मिले किशोर-किशोरी, सामने आई ये कहानी
suicide. नदी किनारे स्थित बरगद के पेड़ से किशोर-किशोरी लटकते मिले। दोनों के गले में साड़ी का फंदा था और एक-दूसरे को पकड़ झूल रहे थे। दोनों अचानक घरों से गायब हो गए थे।
डुमरिया (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल इलाके के डुमरिया थाना से दिल दहलाने वाली खबर है। थाना क्षेत्र के स्वर्गछिड़ा में पोचारखाल नदी किनारे स्थित बरगद के पेड़ से किशोर-किशोरी लटकते मिले। दोनों के गले में साड़ी का फंदा था और एक-दूसरे को पकड़ झूल रहे थे।
गांव के किसी व्यक्ति ने किशोर-किशोरी को पेड़ पर गले में फंदा डालकर लटकता देखा तो गांवा वालों को सूचना दी। इसके बाद लोगों का हुजूम जुट गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर शवों को पेड़ से उतारा और छानबीन में जुट गई। बताया गया है कि एक गांव की किशोरी शनिवार को नदी में स्नान करने आई थी। वहां दूसरे गांव का एक किशोर भी पहुंचा और किशोरी से बात करने लगा। दोनों को बात करते किशोरी की मां ने देख लिया और फटकार लगाई। इसके बाद किशोर वहां से चला गया। कुछ देर बाद किशोरी भी गायब हो गई। रविवार सुबह दोनों बरगद के पेड़ से लटकते मिले।
एक माह पूर्व किशोर के घर चली गई थी किशोरी
तथ्य सामने आए है कि किशोर-किशोरी एक-दूसरे से प्यार करते थे। एक माह पूर्व किशोरी किशोर के साथ उसके घर चली गई थी और वहां चार-पांच दिन रही थी। दोनों का गोत्र एक ही होने की वजह से दोनों पक्षों ने दोनों की शादी की जिद को खारिज कर दिया और किशोरी वापस अपने घर चली गई। इसके बाद भी दोनों में छिपकर मिलना-जुलना जारी रहा और रविवार को इसकी परिणति सामने आई।
हर पहलू पर पुलिस कर रही गौर
प्रथमद्रष्टया पुलिस पुलिस मामले को आत्महत्या मान रही है। हालांकि, इस विंदु पर भी गौर कर रही है कि कहीं दोनों की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश तो नहीं की गई। वैसे पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी बहुत कुछ साफ हो जाएगा।