टाटा मोटर्स में शिफ्ट बदलाव का कर्मियों ने किया विरोध,रात्रि पाली में नहीं किया नास्ता
टाटा मोटर्स की जमशेदपुर इकाई में ड्यूटी के समय में बदलाव का कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। बहिष्कार की भी खबर है।
जमशेदपुर(जासं)। टाटा मोटर्स में शिफ्ट का समय बदलने का विरोध हो रहा है। चर्चा यह भी है कि समय बदलाव पर बिफरे कुछ कर्मचारियों ने शनिवार को कैंटीन का भी बहिष्कार किया है। टाटा मोटर्स के प्लांट वन व एचवी एक्सल स्थित कैंटीन में ए पाली व बी पाली के कुछ कर्मचारियों ने नास्ता तो कुछ ने खाने का भी बहिष्कार किया है। हालांकि इस मामले में कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। यूनियन प्रवक्ता संतोष सिंह ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है कुछ लोग इसे विरोध की हवा दे रहे हैं।
क्यों नाराज हैं कर्मचारी : टाटा मोटर्स में शिफ्ट बदलाव की वजह से कर्मचारियों पर काम का बोझ ज्यादा बढ़ेगा। सी पाली में सात घंटे की ड्यूटी करनी है, वहीं एक घंटे का कार्यभार ए व बी पाली पर पड़ रहा है। रात्रि पाली में नास्ता, चाय की समुचित व्यवस्था नहीं है। पहले आधा घंटे का ब्रेक मिलता था जो अब 15 मिनट मिलेगा।
चंद्रभान के समय में भी हुआ था बदलाव : टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री चंद्रभान सिंह के कार्यकाल में भी शिफ्ट बदलाव किया गया था, लेकिन विरोध के बाद प्रबंधन ने इसे वापस कर लिया था। इधर करीब पांच साल बाद फिर प्रबंधन की पहल पर यूनियन ने नए सिरे से समझौते किया है। यहीं वजह है जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
प्रबंधन का इनकार: शनिवार को अधिकतर कर्मचारियों की छुट्टी रहती है। ऐसे भी कर्मियों की संख्या कम थी। कंपनी के रिकार्ड के मुताबिक सभी कर्मचारियों ने खाना खाया है। कैंटीन बहिष्कार की खबर अफवाह है।
-टाटा मोटर्स प्रबंधन