टाटा स्टील में क्वार्टर एलॉटमेंट में पांच कर्मचारियों को मिलेगी वरीयता
टाटा स्टील में क्वार्टर एलॉटमेंट में अब तीन की जगह पांच कर्मचारियों को वरीयता मिलेगी। प्रबंधन और यूनियन के बीच वार्ता में इस पर सहमति बनी।
जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। टाटा स्टील में क्वार्टर एलॉटमेंट में अब तीन की जगह पांच कर्मचारियों को वरीयता मिलेगी। टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच वार्ता में इस पर सहमति बनी। फैसला पहली जनवरी से प्रभावी होगा।
टाटा स्टील ने क्वार्टर एलॉटमेंट की व्यवस्था में पहली जुलाई से ही बदलाव लाते हुए उसे ऑनलाइन किया था। नई व्यवस्था के तहत किसी क्वार्टर पर तीन कर्मचारियों को आवंटन लेने के लिए पांच-पांच दिन का समय दिया जाता था, जबकि वरीयता सूची में पांच कर्मचारियों के नाम होते थे। पहली जनवरी से अब वरीयता सूची में शामिल कर्मचारियों को संबधित क्वार्टर आवंटन के लिए पांच की बजाय तीन दिन में ही क्लेम करना होगा। ऐसे में पहली से 15 तारीख के बीच सभी पांच कर्मचारियों को यह सुविधा मिलेगी।
वरीयता सूची से मिलेगा फायदा
पहली वरीयता वाले कर्मचारी क्वार्टर क्लेम नहीं करने पर उसे दूसरे, फिर तीसरे से लेकर पांचवे कर्मचारियों तक को मौका मिलेगा। बैठक में टाटा स्टील के आइआर चीफ जुबिन पालिया, इम्प्लाई सर्विसेज हेड संजय सहित यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय व महासचिव सतीश कुमार सिंह शामिल हुए।
ऑनलाइन दिखेगा क्वार्टर
नई व्यवस्था के तहत अब किसी संबधित क्षेत्र का समान ग्रेड का क्वार्टर 1-10 तारीख तक ऑनलाइन ही कर्मचारियों को दिखेगा। अब तक कर्मचारियों को इसके लिए लिखित में आवेदन करना पड़ता था। लिखित में जवाब आने पर ही उन्हें इसकी जानकारी मिलती थी। नई व्यवस्था के बाद क्वार्टर एलॉटमेंट कमेटी का अस्तित्व लगभग समाप्त हो जाएगा।