टाटा स्टील में अप्रेंटिसशिप का मौका, 2 साल की ट्रेनिंग और स्टाइपेंड; मैट्रिक पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (यूआईएसएल) ने ट्रेड अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 22 सितंबर है।

टाटा स्टील की फाइल फोटो।
HighLights
टाटा स्टील यूटिलिटीज में ट्रेड अप्रेंटिसशिप 2026 के लिए आवेदन।
दो वर्ष का प्रशिक्षण एसएनटीआइ में, मैट्रिक पास होना अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (यूआईएसएल) में ट्रेड अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कंपनी प्रबंधन द्वारा जारी सूचना के तहत आवेदन की अंतिम तारीख 22 सितंबर है। इसमें चयनित अभ्यर्थियों को एसएनटीआई में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार, आवेदन के लिए वर्तमान या पूर्व कर्मचारियों के बेटा-बेटी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, बेटा नहीं होने की स्थिति में दामाद, कर्मचारी के पति या पत्नी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रबंधन द्वारा तय शर्तों के अनुसार, प्रायोजक कर्मचारी ने 25 वर्ष की सेवा पूरी कर ली हो या 15 वर्ष से अधिक लेकिन 25 वर्ष से कम सेवा की हो और सेवानिवृत्ति की आयु तक 25 वर्ष की सेवा पूरी कर लेगा।
मैट्रिक पास होना अनिवार्य
अभ्यर्थी का मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा में अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। इन तीनों विषयों में उत्तीर्ण अंक प्राप्त करना भी अनिवार्य है। वहीं, कर्मचारी वार्ड का जन्म एक सितंबर 2004 से एक सितंबर 2008 के बीच होना चाहिए। एससी-एसटी कर्मचारी वार्ड का जन्म एक सितंबर 2002 से एक सितंबर 2008 के बीच होना चाहिए।
वहीं, सामान्य वर्ग के दामाद, पति-पत्नी के लिए एक सितंबर 2001 और एससी-एसटी के लिए एक सितंबर 1999 के बीच की अवधि निर्धारित की गई है। वहीं, विशेष श्रेणी वार्ड का जन्म एक सितंबर 1996 से तय किया गया है। वहीं, अभ्यर्थी की दोनों आंखों की दृष्टि चश्मे के साथ 6/6 और चश्मे का पावर अधिकतम ±4.0 तक मान्य होगा। कलर विजन सामान्य होना जरूरी है।
दो वर्ष का होगा प्रशिक्षण
चयनित अभ्यर्थियों को एसएनटीआई में दो वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा और इस अवधि में उन्हें स्टाइपेंड भी मिलेगा। ट्रेड और प्रशिक्षण अवधि का आवंटन अभ्यर्थी के इंटरव्यू में प्रदर्शन तथा मैट्रिक के अंकों के आधार पर किया जाएगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अप्रेंटिस प्रशिक्षण रोजगार की गारंटी नहीं है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट (एआईटीटी) उत्तीर्ण कर नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद आवश्यकता होने पर अभ्यर्थी को टाटा स्टील यूटिलिटीज में नियुक्ति का अवसर मिल सकता है।
