Tata Steel Run-a-Jamshedpur : 9 लाख के पुरस्कार और जियो टैगिंग पौधरोपण के साथ होगी हाफ मैराथन, वेबसाइट लॉन्च
टाटा स्टील 29 नवंबर को जमशेदपुर में भव्य हाफ मैराथन का आयोजन कर रही है, जिसके लिए पंजीकरण tatanagarun.com पर शुरू हो गए हैं।

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदरा रामम और स्पोर्ट्स चीफ मुकुल चौधरी ने संयुक्त रूप से वेबसाइट का औपचारिक अनावरण किया।
HighLights
पंजीकरण tatanagarun.com पर, कुल 9.18 लाख रुपये के पुरस्कार।
प्रत्येक प्रतिभागी के नाम पर जियो-टैग पौधा रोपण होगा।
जासं, जमशेदपुर। टाटा स्टील की ओर से जमशेदपुर में आगामी 29 नवंबर को भव्य हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक धावक आधिकारिक वेबसाइट tatanagarun.com के माध्यम से इसके लिए अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
गुरुवार शाम जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के मीडिया लाउंज में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम और स्पोर्ट्स चीफ मुकुल चौधरी ने संयुक्त रूप से इस वेबसाइट का औपचारिक अनावरण किया।
प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि इस 11वें संस्करण में कुल तीन श्रेणियों- 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की दौड़ आयोजित की जाएगी। पिछले साल 4,200 धावकों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 5,000 प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बार पहली बार 5 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं को भी मेडल प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 9.18 लाख रुपये की आकर्षक इनामी राशि रखी गई है।
पुरुष व महिला दोनों वर्गों में हाफ मैराथन (21 किमी) के विजेता को 1-1 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 75 हजार तथा तीसरे, चौथे व पांचवें स्थान पर रहने वालों को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 11 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
इस पोर्टल के माध्यम से धावक जमशेदपुर के अलावा 21 नवंबर को नोवामुंडी, 28 दिसंबर को कोलकाता (25 किमी) और 9 जनवरी 2027 को कपिलास मैराथन के लिए भी पंजीकरण कर सकेंगे।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए इस बार प्रत्येक प्रतिभागी के नाम पर जियो-टैगिंग के साथ एक-एक पौधा रोपा जाएगा और दौड़ के दौरान बायो-डिग्रिडेबल ग्लासों में पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
