टाटा स्टील में फोरमैन ने महिलाकर्मी का अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल
Tata steel. महिला कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत की फिर हरकत का वीडियो बनाया। वीडियो बनाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करना चाहा। नहीं मानने पर वीडियो वायरल कर दिया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। टाटा स्टील कंपनी परिसर में ठेका कंपनी रामचंद्र एंड ब्रदर्स के फोरमैन भरत शर्मा ने एक चतुर्थ ग्रेड की महिला कर्मचारी के साथ पहले अश्लील हरकत की, फिर इस अश्लील हरकत का उसने वीडियो बनाया। वीडियो बनाकर आरोपित ने उस महिला कर्मचारी को शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करना चाहा। महिला नहीं मानी तो उसने वह वीडियो वायरल कर दिया। अब मामला बिष्टुपुर पुलिस के पास पहुंच चुका है।
इस मामले में बिष्टुपुर पुलिस के साथ महिला आयोग की टीम कंपनी परिसर जांच करने पहुंची। इस दौरान पीड़ित महिला ठेकाकर्मी भी जांच टीम के साथ थी। वहीं, टाटा स्टील के एथिक्स विभाग के अधिकारी और सिक्योरिटी चीफ गोपाल प्रसाद चौधरी भी मौके पर उपस्थित थे। पीड़िता पुलिस व महिला आयोग की टीम के सदस्यों को कंपनी परिसर स्थित कोल इंजेक्शन के उस विभाग में ले गई, जहां उसका अश्लील वीडियो बनाया गया था। इस दौरान आरोपित कर्मचारी की भी तलाश की गई लेकिन शिकायत दर्ज होने के बाद शुक्रवार को भरत शर्मा ड्यूटी से नदारद रहा।
पूरा मामला यहां समझिए
टाटा स्टील कंपनी परिसर स्थित जी ब्लास्ट फर्नेस में ठेका कंपनी रामचंद्र एंड ब्रदर्स के फोरमैन भरत शर्मा के वहां कार्यरत एक चतुर्थ ग्रेड महिला कर्मचारी पर बुरी नजर थी। वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। महिला ने सहमति नहीं दी तो शातिर भरत शर्मा के दिमाग में बदमाशी सूझी। उसने मोबाइल कैमरे का इस्तेमाल करने का प्लान बनाया। इसके बाद जब महिला 25 मार्च की सुबह भरत शर्मा के कार्यालय कोल इंजेक्शन ऑफिस की सफाई करने पहुंची तो पहले से तैयार भरत शर्मा ने शर्ट के जेब में मोबाइल कैमरे को रिकॉर्डिग ऑन कर रख दिया। जब महिला साफ-सफाई करने अंदर आई तब आरोपित ने महिला कर्मचारी से कहा कि तुम्हारे लिए कपड़ा सिलवाना है। इसलिए तुम्हारा नाप लेना है।
दुष्कर्म का प्रयास
महिला फोरमैन के बातों में आ गयी। वह उसके पास आकर नाप देने लगी। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपित भरत शर्मा ने उसके कपड़े को उठाकर अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह महिला से शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। महिला ने इससे इन्कार कर दिया। इन्कार करने के बाद भरत शर्मा ने दोबारा महिला को अपने पास बुलाया। इसके बाद उसने करीब तीन मिनट तक उसके साथ अश्लील हरकत की। दोबारा शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। इस पर महिला ने फिर विरोध किया। इस पर भरत शर्मा ने उससे कहा कि तुम्हारा वीडियो बना लिए हैं, इन्कार किया तो वायरल कर देंगे।
महिला ने समझा था मजाक
महिला ने सोचा कि बड़े साहब मजाक कर रहे हैं। वह काम करने के बाद अपना घर चली गयी। इसी बीच आरोपित भरत शर्मा ने महिला के साथ किए अश्लील हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो कंपनी परिसर से होते हुए पूरे शहर भर में वायरल हो गया। इसके बाद जब महिला को वीडियो का पता चला तो उसने गुरुवार को बिष्टुपुर थाना में आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ करने, अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने तथा जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपित अपने घर से फरार है।
प्रबंधन ने गेटपास किया ब्लॉक
मामला संज्ञान में आने के बाद कंपनी प्रबंधन ने आरोपी फोरमैन भरत शर्मा के गेटपास को ब्लॉक कर दिया है।
भरत शर्मा के सिदगोड़ा के एग्रिको स्थित आवास पर शुक्रवार को पुलिस पहुंची थी। लेकिन भरत वहां भी नहीं मिला। उसे कंपनी से उठाने की तैयारी में थी, लेकिन वह ड्यूटी में भी नहीं पहुंचा।