विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा स्टील में कर्मचारियों की सेहत के लिए कैंटीन में बड़ा बदलाव, मात्र डेढ़ रुपये में मिलेगी Black coffee और Green tea

Published: Tue, 13 Oct 2026 06:31 PM (IST)

टाटा स्टील ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैंटीन में नया 'हेल्दी फूड' मेनू लागू किया है, ...और पढ़ें

प्लांट की कैंटीन में  हर आयु वर्ग के कर्मचारियों की शारीरिक आवश्यकता, काम के तनाव और आधुनिक खानपान की प्राथमिकताओं का विशेष ख्याल रखा गया है।

प्लांट की कैंटीन में  हर आयु वर्ग के कर्मचारियों की शारीरिक आवश्यकता, काम के तनाव और आधुनिक खानपान की प्राथमिकताओं का विशेष ख्याल रखा गया है।

HighLights

  1. कैंटीन में मात्र 1.50 रुपये में ग्रीन टी-ब्लैक कॉफी।

  2. कर्मचारियों के लिए नया 'हेल्दी फूड' मेनू लागू किया गया।

  3. टाटा वर्कर्स यूनियन की मांग पर हुए महत्वपूर्ण बदलाव।

जासं, जमशेदपुर। टाटा स्टील के प्लांट की कैंटीन में अब कर्मचारियों को महज 1.50 रुपये में 'ग्रीन टी' और 'ब्लैक कॉफी' उपलब्ध कराई जाएगी। 
 
वर्क्स जनरल ऑफिस (डब्ल्यूजीओ) में चीफ एचआरएम यशवंत पांडे की अध्यक्षता में आयोजित सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमिटी की अहम बैठक में कर्मचारियों की सेहत और पोषण को ध्यान में रखते हुए 'हेल्दी फूड' आधारित नए मेनू और वर्क ऑर्डर को अंतिम मंजूरी दी गई।
 
नए अनुबंध में हर आयु वर्ग के कर्मचारियों की शारीरिक आवश्यकता, काम के तनाव और आधुनिक खानपान की प्राथमिकताओं का विशेष ख्याल रखा गया है।
 
कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) के बीच हुए समझौते के तहत नए मेनू में कम कैलोरी और सुपाच्य विकल्प शामिल किए गए हैं। 
 
अब नाश्ते में मिल्क कॉफी, दलिया उपमा, ओट्स उपमा, मूंग दाल चीला, उबला चना और उबला शकरकंद मिलेगा। वहीं, पारंपरिक स्वाद के शौकीनों के लिए झालमुड़ी, दाल पूरी, मेदू वड़ा, ढोकला, पोहा, सेवई, पकोड़ा और लिट्टी का भी प्रबंध रहेगा।
 
दोपहर के भोजन (लंच) में कर्मचारियों की सुविधा के अनुसार हाफ प्लेट, फुल प्लेट और एक्स्ट्रा प्लेट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, प्रोटीन की आवश्यकता को पूरा करने के लिए पूरे साल उबला अंडा भी कैंटीन में उपलब्ध रहेगा।
 
प्लांट परिसर में भारी रेल और रोड ट्रैफिक के कारण दूरदराज के विभागों तक भोजन और नाश्ता समय पर पहुंचाने के लिए जोनों का नए सिरे से विभाजन किया गया है। इसके साथ ही समय-सारणी का कड़ाई से पालन तय किया गया है:
 
  • कैंटीनों में नाश्ते का समय: सुबह 08:00 बजे से 10:00 बजे तक
  • ट्रॉली प्वाइंट्स पर नाश्ता वितरण: सुबह 08:00 बजे से 09:30 बजे तक
 
हाल के वर्षों में कर्मचारियों में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों (जैसे मधुमेह और उच्च रक्तचाप) के बढ़ते मामलों को देखते हुए टाटा वर्कर्स यूनियन (TWU) लगातार तैलीय भोजन के स्थान पर स्वास्थ्यवर्धक 'वेलनेस मेनू' लागू करने की मांग कर रही थी। 
 
प्रबंधन ने यूनियन के सुझावों को स्वीकार करते हुए नए टेंडर में पोषण, स्वच्छता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी है। बैठक में सहायक सचिव नितेश राज, हेड कैंटीन रिचा केडिया, सीनियर मैनेजर शौकत खान, पीके चौधरी, उमाशंकर पटनायक और टीडब्ल्यूयू के कई कमिटी मेंबर उपस्थित थे।