विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tata Steel कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: वार्षिक बोनस का फार्मूला तय, जानिए किसे मिलेगा लाभ और किसे नहीं

Published: Tue, 08 Sep 2026 10:18 AM (IST)

टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक बोनस का आधिकारिक फार्मूला जारी कर दिया है, जिसमें कुल 315 करोड़ रुपये का फंड निर्धारित है।

कंपनी ने इस वर्ष कुल 315 करोड़ रुपये के बोनस फंड का प्रावधान किया है।

कंपनी ने इस वर्ष कुल 315 करोड़ रुपये के बोनस फंड का प्रावधान किया है।

HighLights

  1. टाटा स्टील ने 2025-26 के लिए वार्षिक बोनस फार्मूला जारी किया।

  2. कुल 315 करोड़ रुपये का बोनस फंड निर्धारित, 30 दिन काम अनिवार्य।

  3. गंभीर अनुशासनहीनता वाले कर्मचारियों को बोनस नहीं मिलेगा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक बोनस के भुगतान की प्रक्रिया और गणना का आधिकारिक फार्मूला जारी कर दिया है। 
 
कंपनी ने इस वर्ष कुल 315 करोड़ रुपये के बोनस फंड का प्रावधान किया है। बोनस की गणना के लिए 1686.92 करोड़ रुपये की कुल बोनस योग्य राशि को आधार बनाया गया है। 
 
व्यक्तिगत कर्मचारियों को मिलने वाली बोनस राशि उनके वर्षभर के बेसिक वेतन और महंगाई भत्ते (डीए) के आधार पर तय की जाएगी।

 

बोनस गणना का फार्मूला
 
कंपनी द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक, 315 करोड़ रुपये के कुल बोनस पूल को 1686.92 करोड़ रुपये की बोनस योग्य राशि से विभाजित किया जाएगा। 
 
इसके बाद प्राप्त अनुपात को संबंधित कर्मचारी के वर्ष 2025-26 के कुल बेसिक और डीए से गुणा करके व्यक्तिगत बोनस राशि निर्धारित की जाएगी। बोनस की गणना में वित्तीय वर्ष के दौरान मिले एरियर को भी शामिल किया जाएगा।

 

पात्रता और न्यूनतम कार्य दिवस
 

सर्कुलर के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कम से कम 30 कार्य दिवस तक काम करने वाले स्थायी और अस्थायी कर्मचारी बोनस के लिए पात्र होंगे। अप्रेंटिस को इस योजना से बाहर रखा गया है।

बोनस का दायरा जमशेदपुर स्थित स्टील प्लांट, ट्यूब्स डिवीजन, ग्रोथ शॉप, टाटा स्टील कलिंगनगर, मार्केटिंग एंड सेल्स डिवीजन, वायर डिवीजन, तारापुर वायर प्लांट-1 व 2, एसएसपी, सीआरई कार्यालय (रांची व भुवनेश्वर), माइंस-कोलियरीज डिवीजन, एफए एंड एम डिवीजन, हेड ऑफिस, टिनप्लेट डिवीजन और मेटालिक्स डिवीजन तक फैला हुआ है।

प्रमोशन पाने वालों के लिए नियम
 

1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच IL-6 और OL ग्रेड में पदोन्नत (प्रमोट) होने वाले कर्मचारी इस बोनस के पात्र नहीं होंगे; उनके लिए सुपरएनुएशन फंड में योगदान का प्रावधान रहेगा। हालांकि, 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद प्रमोट हुए कर्मचारी वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस के हकदार रहेंगे।

पूर्व कर्मचारियों और नॉमिनी को भी लाभ
 
कंपनी से अलग हो चुके पात्र कर्मचारियों (जैसे अर्ली सेपरेशन स्कीम, जेएफ, सुनहरे भविष्य की योजना के तहत अलग हुए कर्मचारी) का बोनस सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा। 
 
बिना अनुमति क्वार्टर खाली न करने वाले कर्मचारियों को भी नियमानुसार भुगतान मिलेगा। दिवंगत पूर्व कर्मचारियों के मामलों में, पूर्व-स्वीकृत नामांकन (नॉमिनेशन) के आधार पर नॉमिनी को भुगतान किया जाएगा।

 

गंभीर अनुशासनहीनता पर नहीं मिलेगा बोनस
 

कंपनी परिसर में चोरी, धोखाधड़ी, हिंसा, संपत्ति के नुकसान, तोड़फोड़ या यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों के कारण सेवा से बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को बोनस का कोई लाभ नहीं दिया जाएगा।

पैन और टैक्स संबंधी निर्देश
 

बोनस पर आयकर लागू दरों के अनुसार कटेगा। जिन कर्मचारियों ने पैन जमा नहीं किया है या जिनका पैन बायोमेट्रिक/सरकारी पहचान पत्र से लिंक न होने के कारण निष्क्रिय है, उन्हें वैध और सक्रिय पैन जमा करने के सात कार्य दिवसों के भीतर बोनस मिलेगा। ऐसे मामलों में उच्च दर से टैक्स कटौती लागू हो सकती है।