Womens Day 2021: महिला दिवस को यादगार बनाने के लिए टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन ने तय किया कार्यक्रम
Womens Day 2021. महिलाओं में एडवेंचर लाना और लीडरशिप तकनीक को विकसित करने के लिए टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) इस वर्ष महिला दिवस पर नई पहल कर रही है। इस वर्ष टीएसएएफ ने महिलाओं के लिए चार कार्यक्रम का आयोजन किया है।
जमशेदपुर, जासं। Top 10 Places to Visit in JHarkhand महिलाओं को उनके सुविधाजनक स्थान से निकाल कर उनके जीवन में एडवेंचर लाना और लीडरशिप तकनीक को विकसित करने के लिए टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) इस वर्ष महिला दिवस पर नई पहल कर रही है। इस वर्ष टीएसएएफ ने महिलाओं के लिए चार कार्यक्रम का आयोजन किया है जो झारखंड और उत्तराखंड में होंगे और इन सभी इवेंट का नेतृत्व महिला पर्वतरोही ही करेंगी।
टीएसएएफ के अनुसार इन इवेंट के माध्यम से लीडरशिप डेवलपमेंट अभियान, रॉक क्लाइंबिंग और वाटर स्पोटर्स जैसे आयोजनों को शामिल किया गया है। ये सभी अभियान विशेष रूप से महिलाओं के लिए हैं जो चूज टू चैलेंज पर आधारित हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को घर की चारदीवारी से निकालकर दूर जंगल और एडवेंचर के रोमांच का अनुभव कराना है। इच्छुक महिलाएं इवेंट में शामिल होने के लिए टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के कार्यालय या इनके वेबसाइट से संपर्क कर सकती हैं।
ये रहे इवेंट
पहला इवेंट : इसका नेतृत्व माउंट एवरेस्ट की पहली भारतीय महिला पर्वतरोही बछेंद्री पाल करेंगे। यह अभियान पांच दिवसीय होगा और छह मार्च को देहरादून व मसूरी से शुरू होगा।
दूसरा इवेंट : इसका नेतृत्व माउंट एवरेस्ट विजेता पूनम राणा करेंगी। यह बर्फीली चोटियों का अनुभव करने और स्वयं व साथी ट्रेकर्स को प्रेरित कर महिलाओं के नेतृत्व कौशल को बाहर लाने का अवसर देगा। यह आयोजन छह मार्च से 12 मार्च तक चलेगा।
तीसरा इवेंट : यह दो दिवसीय डेवलपमेंट प्रोग्राम होगा। जो आठ मार्च को जमशेदपुर के तुमुंग और डिमना में शुरू होगा। इसमें दूसरे दिन वाटर स्पोटर्स गतिविधियां होंगी। इसमें प्रतिभागियों के नेतृत्व कौशल को निखारने और चुनौतियों का सामना करने का गुर सिखाया जाएगा। इसका नेतृत्व एल अन्नपूर्णा, अस्मिता दोरजी व स्वर्णलता दलाई करेंगी।
चौथा इवेंट : यह एक दिवसीय वाटर स्पोटर्स एडवेंचर होगा। इसमें एक तैरती नाव पर झील के बीच नाश्ता कराया जाएगा। कुछ क्याकिंग व तैराकी सहित बैडल बोट का आयोजन होगा। इस इवेंट का नेतृत्व सात चोटियों को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला प्रेमलता अग्रवाल करेंगी। यह इवेंट आठ मार्च को होगा।