टाटा मोटर्स कर्मियों को पांच से छह हजार की चपत Jamshedpur News
कर्मचारियों को अगले दो से तीन दिन में मई माह का वेतन मिलेगा वहीं अस्थायी कर्मियों को 10 जून तक पूर्व की तरह एक मुश्त राशि दी जाएगी।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। टाटा मोटर्स कर्मचारियों के वेतन में इस माह कोरोना का असर दिखने को मिलेगा। कर्मचारियों को अगले दो से तीन दिन में मई माह का वेतन मिलेगा वहीं अस्थायी कर्मियों को 10 जून तक पूर्व की तरह एक मुश्त राशि दी जाएगी।
टाटा मोटर्स कर्मियों को बेसिक-डीए के साथ एमओपी-मेजर वर्कफोर्स ऑफ परफॉरमेंस मिलता है। लेकिन इस बार लॉकडाउन की वजह से उत्पादन शून्य हुआ है, ऐसे में इस माह कर्मचारियों को न्यूनतम एमओपी की राशि मिलेगी। कंपनी में उत्पादन नहीं होने के बावजूद कर्मचारियों को न्यूनतम 110 प्वाइंट का 3400 रुपए एमओपी वेतन में मिलेगा। वहीं कर्मचारियों को लॉकडाउन के पूर्व 8000 तक एमओपी मिला है।
इस माह मिलने वाला एमओपी अप्रैल माह का मिलेगा। यह माह पूर्व का एमओपी वेतन में मिलता है। वहीं इस माह सुरक्षा, गुणवत्ता में मिलने वाली राशि भी नहीं मिलने वाली है। स्पेशल बोनस पर भी ग्रहण दिख रहा है। इस प्रकार देखा जाये तो इस माह कर्मचारियों के वेतन में पांच से छह हजार की कमी रहेगी। इसका असर अस्थायी र्किमयों को मिलने वाली राशि पर भी पड़ सकती है।
हालांकि कंपनी प्रबंधन की ओर से इसे लेकर कोई अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। शहर की अन्य कंपनियों में जहां वेतन कटौती की चर्चा है वहीं यहां पर कर्मचारियों को पूरा वेतन मिलना सुखद है। कंपनी में स्थायी कर्मियों की संख्या 5400 तो अस्थायी कर्मी करीब 4700 है।