टाटा मोटर्स में डिप्लोमा पूरा कर चुके कर्मचारी पुत्र कर सकेंगे B.Tech व MBA, पूरा खर्च उठाएगी कंपनी प्रबंधन
टाटा मोटर्स ने प्रगति स्कीम के तहत कर्मचारी पुत्रों के लिए उच्च शिक्षा और करियर के नए द्वार खोले हैं। कंपनी डिप्लोमाधारी कर्मचारियों को B.Tech/MBA का पूरा खर्च वहन करेगी।

डिप्लोमा पूरा कर चुके टाटा मोटर्स कर्मचारी पुत्रों को मिलेगा दो-दो इंक्रीमेंट का विशेष लाभ।
HighLights
उच्च शिक्षा का पूरा खर्च टाटा मोटर्स प्रबंधन वहन करेगा।
विशेष इंक्रीमेंट और अधिकारी बनने के मौके प्रदान किए जाएंगे।
जासं, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में प्रगति स्कीम के तहत अरका जैन कॉलेज से डिप्लोमा पूरा कर चुके कर्मचारी पुत्रों के लिए उच्च शिक्षा और करियर में तरक्की के नए रास्ते खुल गए हैं।
वे दो विशेष इंक्रीमेंट के साथ कंपनी में सेवा देने के साथ-साथ आगे B.Tech या MBA की पढ़ाई कर सकते हैं। इस पूरी उच्च शिक्षा का खर्च टाटा मोटर्स प्रबंधन खुद वहन करेगी।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने बोनस समझौते के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि डिप्लोमा पूरा करने के बाद कर्मचारी पुत्र इसके लाभ से वंचित चल रहे थे।
अब यूनियन व प्रबंधन के बीच हुई वार्ता के तहत 40 डिप्लोमाधारी कर्मचारियों को दो-दो इंक्रीमेंट का विशेष लाभ मिलेगा। इसके साथ ही टाटा मोटर्स के किसी भी प्लांट/लोकेशन में निकलने वाली आंतरिक बहाली में शामिल होकर उन्हें अधिकारी (अधिकारी ग्रेड) बनने का अवसर भी प्राप्त होगा।
27 बाई-सिक्स कर्मचारियों को मिलेगा इंक्रीमेंट
पूर्व में प्रबंधन द्वारा संचालित आंतरिक डिप्लोमा कार्यक्रम के तहत जिन बाई-सिक्स कर्मचारियों ने कोर्स पूरा कर लिया था, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया था, ऐसे 27 कर्मचारियों को भी एक-एक इंक्रीमेंट देने पर सहमति बनी है।
दुर्गा पूजा के बाद ट्रेड अप्रेंटिस की नई बहाली
जमशेदपुर प्लांट में नियोजन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। आरके सिंह ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के बाद ट्रेड अप्रेंटिस की नई बहाली निकाली जाएगी।
इसमें सफल होने वाले कर्मचारी पुत्रों को डिप्लोमा कराने के पश्चात कंपनी में स्थायी नियोजन (परमानेंट) दिया जाएगा, ताकि कंपनी को कुशल और दक्ष मैनपावर मिलती रहे और उच्च गुणवत्ता वाले वाहनों का निर्माण होता रहे।
फिर शुरू होगा मल्टी स्किल कोर्स
पिछले कई महीनों से बंद पड़ी मल्टी स्किल व्यवस्था को पुनः शुरू करने पर सहमति बनी है। कंपनी में जल्द ही इसके लिए आंतरिक बहाली निकलेगी। परीक्षा पास कर कोर्स पूरा करने वाले कर्मचारियों को एक-एक इंक्रीमेंट का लाभ दिया जाएगा।
5 TMST कर्मचारियों को नियोजन का मौका
3 साल का TMST कोर्स पूरा करने के बाद अनुशासनात्मक मामलों (जैसे बिना सूचना अनुपस्थित रहने या विवाद) के कारण अटके 5 कर्मचारी पुत्रों को भी भविष्य में बेहतर आचरण की शर्त पर कंपनी में नियोजित किया जाएगा।
दो दौर की वार्ता के बाद बनी सहमति
बोनस व नियोजन को लेकर सोमवार को दो दौर की बैठक हुई। जमशेदपुर प्लांट स्तर पर बात न बनने पर टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) विशाल बादशाह और सीएचआरओ डीपी नांबियार भी वार्ता में शामिल हुए।
इसके बाद इस ऐतिहासिक समझौते पर मुहर लगी। समझौते के बाद यूनियन कार्यालय तक भव्य जुलूस निकाला गया और आतिशबाजी कर खुशी जताई गई।
