जमशेदपुर मदर प्लांट बना सफलता की धुरी: 6 महीने में बेचे 2 लाख से अधिक भारी वाहन, बिक्री में 28% का उछाल
टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 2,00,452 वाणिज्यिक वाहन बेचकर 28% की शानदार वृद्धि दर्ज की है।

जमशेदपुर स्थित मदर प्लांट इस सफलता का मुख्य केंद्र रहा, जहां इंफ्रास्ट्रक्चर और खनन गतिविधियों में तेजी से भारी वाहनों की बिक्री बढ़ी।
HighLights
टाटा मोटर्स की वाणिज्यिक वाहन बिक्री में 28% की वृद्धि।
जमशेदपुर प्लांट बना सफलता का प्रमुख केंद्र।
इंफ्रास्ट्रक्चर और खनन से भारी वाहनों की मांग बढ़ी।
जासं, जमशेदपुर । देशभर में बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के तीव्र विस्तार, माल ढुलाई में आई तेजी और पुराने वाहनों को बदले जाने के दम पर वाणिज्यिक वाहन (सीवी) बाजार में जोरदार उछाल देखने को मिल रहा है।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर) में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स ने 28 प्रतिशत की शानदार वार्षिक वृद्धि दर्ज करते हुए कुल 2,00,452 वाणिज्यिक वाहन बेचे हैं।
कंपनी के इतिहास में यह दूसरा अवसर है जब पहली छमाही में बिक्री का आंकड़ा दो लाख के पार पहुंचा है। इससे पहले वित्त वर्ष 2018-19 की पहली छमाही में कंपनी ने 2.20 लाख वाहन बेचे थे।
मदर प्लांट जमशेदपुर बना सफलता की धुरी
टाटा मोटर्स की इस अप्रत्याशित सफलता की मुख्य धुरी जमशेदपुर स्थित 'मदर प्लांट' बना है। कंपनी के मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक वाहनों (M&HCV) का मुख्य उत्पादन केंद्र जमशेदपुर ही है।
देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर और माइनिंग (खनन) गतिविधियों में तेजी आने से भारी मालवाहक ट्रकों (HCV) की बिक्री में भारी इजाफा दर्ज किया गया है।
टाटा मोटर्स ने इस सेगमेंट में 29 फीसदी की वृद्धि हासिल करते हुए 89,057 गाड़ियां बेचीं और अपने बाजार दबदबे को 38 फीसदी से बढ़ाकर 49 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया।
वहीं, भारी यात्री बसों के सेगमेंट में भी 11,096 यूनिट्स की बिक्री और 31 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ टाटा सबसे आगे रही।
जमशेदपुर प्लांट में उत्पादन की गति तेज होने से स्थानीय वेंडर कंपनियों और अनुषंगी इकाइयों (एंसिलरी यूनिट्स) में भी भारी उत्साह का माहौल है।
उद्योग की कुल बिक्री में 24 फीसदी की बढ़त
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के अनुसार, देश की 17 प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों ने पहली छमाही में कुल 5,74,255 वाणिज्यिक वाहन बेचे हैं।
जो सालाना आधार पर 24 फीसदी अधिक है। संपूर्ण सीवी (CV) बाजार में टाटा मोटर्स 35 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर कायम है।
कंपनी के एमडी एवं सीईओ गिरीश वाघ के अनुसार, खनन, इंफ्रास्ट्रक्चर, ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स और यात्री परिवहन की बढ़ती मांग ने इस ग्रोथ को रफ्तार दी है।
निर्माण गतिविधियों में आई तेजी और आगामी त्योहारी मांग के चलते वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में भी यह बिक्री बरकरार रहने की उम्मीद है।
