टाटा मोटर्स के बर्खास्त कर्मियों ने खोला मोर्चा Jamshedpur News
टाटा मोटर्स से बर्खास्त हुए प्रकाश कुमार हर्षवर्द्धन आकाश दुबे व पप्पू सिंह ने कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
जमशेदपुर (जासं)। टाटा मोटर्स से बर्खास्त हुए प्रकाश कुमार, हर्षवर्द्धन , आकाश दुबे व पप्पू सिंह ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को टेल्को वर्कर्स यूनियन कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर अपनी रणनीति की घोषणा की। इसे लेकर चारों नेताओं ने श्रमायुक्त के नाम एक पत्र भी लिखा है।
पत्रकार वार्ता में टेल्को यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि वर्तमान यूनियन प्रबंधन की पॉकेट यूनियन है। कहा कि झारखंड की पूर्व सरकार के दबाव में लगातार मजदूरों की आवाज को दबाने का काम किया गया। वर्षो पुरानी टेल्को यूनियन को समाप्त कर नयी यूनियन बनाने के पीछे भी पूर्व सरकार का हाथ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से उन्हें उम्मीद है।
पुराने सारे मुद्दे, शिकायतें जिन विभागों में दबी पड़ी हैं, उन सब को फि र से उठाया जाएगा। हेमंत सरकार के पास वे मजदूर हित व पूर्व में किये गये शोषण के खिलाफ अपनी शिकायत लेकर जाएगे। हर्षवर्द्धन व आकाश दुबे ने कहा कि विधायक सरयू राय उनके समर्थन में है। उनके माध्यम से इस आदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। वेतन, महंगाई भत्ते में व्याप्त विसंगतिया के खिलाफ भी आवाज उठाने की बात की। टेल्को वर्कर्स यूनियन बनाम टाटा मोटर्स के बीच औद्योगिक विवाद मध्यस्थ पदाधिकारी के पास पूर्व से लंबित है। सरकार के हस्तक्षेप से उसे जल्द दूर कराने की बात कही गयी।
इसके अलावा दर्जनों मुद्दों पर नेताओं ने अपनी बात रखी जिसे वे नयी सरकार तक लेकर जायेंगे। सभी बर्खास्त कर्मचारी एक अलग कमेटी के बैनर इस आदोलन को आगे बढ़ाएंगे। हर्षवर्द्धन ने कहा कि स्थायी (जीओ) कर्मियों का डीए का पैसा कटना अन्याय है।