टाटा मोटर्स और अमेजन का करार: ई-कॉमर्स सप्लाई के लिए तैनात होंगे 3,000 ई-ट्रक, एनएच-48 से होगी शुरुआत
टाटा मोटर्स और अमेजन ने भारत में 3,000 वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की है। यह पहल ई-कॉमर्स आपूर्ति को पर्यावरण अनुकूल बनाएगी।

टाटा मोटर्स और अमेजन ने पूरे भारत में 3,000 वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।
HighLights
NH-48 पर 2,800 किमी लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनेगा।
यह पहल भारत में प्रदूषण मुक्त माल ढुलाई को बढ़ावा देगी।
जासं, जमशेदपुर। देश में लंबी दूरी की माल ढुलाई को पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स और ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने बड़ा कदम उठाया है।
दोनों कंपनियों ने पूरे भारत में 3,000 वाणिज्यिक (कमर्शियल) इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।
इस समझौते के तहत टाटा मोटर्स अत्याधुनिक ई-ट्रकों की आपूर्ति करेगी, जिनका परिचालन अमेजन के कैरियर साझेदार करेंगे।
एनएच-48 पर 2,800 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर
इस पहल की शुरुआत त्योहारी सीजन में आपूर्ति के बढ़ते दबाव को संभालने के लिए दिल्ली से की जा रही है। इसके बाद नेशनल हाईवे-48 पर स्थित 2,800 किलोमीटर लंबे दिल्ली-बेंगलुरु-चेन्नई कॉरिडोर पर चरणबद्ध तरीके से ई-ट्रक उतारे जाएंगे।
यह समर्पित रूट देश के सात राज्यों के छह प्रमुख ई-कॉमर्स केंद्रों को आपस में जोड़ेगा। लंबी दूरी के फेरों को सुगम बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर फर्म 'याहवी' द्वारा इस मार्ग पर विशेष फास्ट चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं।
सरकारी नीतियों का समर्थन और तकनीकी विशेषताएं
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस साझेदारी की सराहना करते हुए इसे स्वदेशी इलेक्ट्रिक वाहनों की क्षमता का प्रमाण बताया।
दिल्ली ईवी नीति 2026 के तहत पहले 1,000 मध्यम ई-ट्रकों को राजधानी में 10 साल तक दिन के समय नो-एंट्री प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
यह पहल केंद्र सरकार की 'पीएम ई-ड्राइव' और 'पीएलआई' (PLI) योजना के अनुकूल है। सीसीएस-2 फास्ट चार्जिंग और आधुनिक ई-एक्सल तकनीक से लैस ये इलेक्ट्रिक वाहन अमेजन के वर्ष 2040 तक नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने में मील का पत्थर साबित होंगे।
