विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा ने रचा नया इतिहास: 37 हजार करोड़ में खरीदी इटली की दिग्गज कंपनी 'इवेको', जेएलआर से भी बड़ा सौदा

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:40 PM (IST)

टाटा मोटर्स ने इटली की वाणिज्यिक वाहन निर्माता इवेको ग्रुप का 37 हजार करोड़ रुपये में अधिग्रहण पूरा कर लिया है, जो जगुआर लैंड रोवर सौदे से भी बड़ा है।

37 हजार करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य वाले इस मेगा डील ने टाटा मोटर्स को वैश्विक मंच पर सबसे बड़े वाणिज्यिक वाहन निर्माताओं में शुमार कर दिया है।

37 हजार करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य वाले इस मेगा डील ने टाटा मोटर्स को वैश्विक मंच पर सबसे बड़े वाणिज्यिक वाहन निर्माताओं में शुमार कर दिया है।

HighLights

  1. टाटा मोटर्स ने इवेको ग्रुप का 37 हजार करोड़ में अधिग्रहण किया।

  2. जमशेदपुर प्लांट को मिलेगी इवेको की उन्नत यूरोपीय तकनीक।

  3. वैश्विक वाणिज्यिक वाहन बाजार में टाटा की स्थिति मजबूत होगी।

जासं, जमशेदपुर। भारतीय ऑटोमोबाइल जगत में नया इतिहास रचते हुए टाटा मोटर्स ने इटली की दिग्गज वाणिज्यिक वाहन (कमर्शियल व्हीकल) निर्माता कंपनी 'इवेको ग्रुप' का अधिग्रहण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 

 
लगभग 4.5 अरब डॉलर यानी करीब 37 हजार करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य वाले इस मेगा डील ने टाटा मोटर्स को वैश्विक मंच पर सबसे बड़े वाणिज्यिक वाहन निर्माताओं में शुमार कर दिया है। 
 
यह सौदा साल 2008 में किए गए जगुआर लैंड रोवर (2.3 अरब डॉलर) के अधिग्रहण से भी लगभग दोगुना बड़ा है।
 

इवेको में 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी पर टाटा का कब्जा 

टाटा मोटर्स की अनुषंगी कंपनी 'टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी' की ओपन ऑफर प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हुई। इसमें निर्धारित 80 प्रतिशत की आवश्यक सीमा को पार करते हुए 87.81 प्रतिशत शेयर टेंडर हुए। 
 
इसके साथ ही, इवेको में टाटा की कुल हिस्सेदारी (ट्रेजरी शेयर घटाकर) बढ़कर 89.42 प्रतिशत हो गई है। कंपनी ने यह हिस्सेदारी 14.40 यूरो प्रति शेयर की दर से हासिल की है।
 
इस अधिग्रहण के तहत, टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन, जेएलआर के मुख्य कार्यकारी पीबी बालाजी और टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक गिरीश वाघ इवेको के नए निदेशक मंडल में शामिल होंगे।
 

जमशेदपुर प्लांट को मिलेगी नई तकनीकी ताकत 

टाटा मोटर्स के सबसे बड़े भारी वाणिज्यिक वाहन (HCV) विनिर्माण केंद्र- जमशेदपुर प्लांट के लिए यह विलय एक मील का पत्थर साबित होगा। 
 
इवेको के पास भारी खनन ट्रकों, अत्याधुनिक ट्रैक्टर-ट्रेलरों और वैकल्पिक ईंधन इंजन की आधुनिक यूरोपीय तकनीक है।
 
दोनों कंपनियों के अनुसंधान एवं विकास (R&D) प्लेटफॉर्म साझा होने से अब जमशेदपुर प्लांट में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक और उन्नत मॉडल तैयार किए जा सकेंगे।
 

ग्लोबल मार्केट में मजबूत होगी स्थिति 

इस बड़े विलय के बाद संयुक्त समूह की सालाना बिक्री 5.9 लाख वाहनों के पार पहुंच जाएगी, जबकि कुल वार्षिक राजस्व लगभग 21 अरब यूरो (करीब 1.9 लाख करोड़ रुपये) हो जाएगा। 
 
इस अधिग्रहण से टाटा मोटर्स को यूरोप, पश्चिम एशिया और लैटिन अमेरिका के उन बड़े और प्रीमियम बाजारों में सीधी पैठ मिल जाएगी, जहां इवेको पहले से ही मजबूत स्थिति में है।