Tata Group ने भारत में स्थापित किए 400 कोरोना वैक्सीन सेंटर, हर दिन पांच हजार लोगों का वैक्सीनेशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि दिसंबर माह तक देश के सभी नागरिकों को वैक्सीन दे दी जाएगी। इस काम में अब टाटा समूह भी आगे आया है। समूह की ओर से देश के छोटे-बड़े शहरों में संचालित 400 अस्पतालों में वैक्सीन सेंटर तैयार किया गया है।
जमशेदपुर, जासं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि दिसंबर माह तक देश के सभी नागरिकों को वैक्सीन दे दी जाएगी। इस काम में अब टाटा स्टील भी आगे आई है। टाटा समूह अब तक कोविड 19 में देशवासियों का बेहतर इलाज हो, इसके लिए देश भर में कोविड केयर अस्पताल का निर्माण कर रहा है।
इससे पहले टाटा समूह की ओर से विदेशों से क्रायोजेनिक आक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की गई ताकि जिन राज्यों में लिक्विड मेडिकल आक्सीजन की किल्लत है, वहां आसानी से आक्सीजन की आपूर्ति की जा सके। इसके अलावा टाटा समूह के विशेषज्ञों की टीम डीआरडीओ के साथ मिलकर देश के बड़े अस्पतालों में आक्सीजन जनरेशन प्लांट के निर्माण में भी सहयोग कर रही है। लेकिन अब प्रधानमंत्री के पूर्व वैक्सीन अभियान को मूर्त रूप देने के लिए टाटा समूह भी आगे आया है और वैक्सीन अभियान को तेज करने की दिशा में अपने स्तर से पहल कर रहा है। समूह की ओर से देश के छोटे-बड़े शहरों में संचालित 400 अस्पतालों में वैक्सीन सेंटर तैयार किया गया है। यहां हर दिन 5000 लोगों को वैक्सीन दी जा रही है।
वैक्सीनेशन समन्वय का काम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज को
इसके अलावा टाटा समूह भी अपने स्तर पर वैक्सीन खरीद रहा है। टाटा समूह पहले अपनी विभिन्न कंपनियों द्वारा संचालित अस्पतालों में कार्यरत फ्रंटलाइन वर्कर व अनुबंध में कार्यरत 1.5 लाख कर्मचारियों के अलावा 30 लाख कर्मचारियों और उनके आश्रितों को वैक्सीन देने के लिए पहल कर रहा है। टाटा संस के इंफ्रास्ट्रक्सर प्रेसिडेंट बनमाली अग्रवाल का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से देश में वैक्सीन की उपलब्धता में सुधार हुआ है। इसे और बेहतर होने की हम उम्मीद कर रहे हैं। हम अपने कर्मचारियों को विश्वास दिलाते हैं कि उन तक जल्द ही वैक्सीन सुविधा का लाभ पहुंचेगा। आपको बता दें कि देश में वैक्सीनेशन समन्वय का काम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानि टीसीएस को सौंपा गया है। जमशेदपुर में टाटा स्टील और मीठापुर में टाटा केमिकल जैसी कंपनियां अपने शहर में वैक्सीन सप्लाई की रणनीति पर काम कर रही है।