टाटा कमिंस यूनियन में चुनाव की सुगबुगाहट के साथ मुखर हुए नेताओं के स्वर, कब तक चलेगी स्टीयरिंग कमेटी
टाटा कमिंस की मान्यता प्राप्त टीसी कर्मचारी यूनियन भंग है। यहां स्टीयरिंग कमेटी काम कर रही है। फरवरी 2019 में यूनियन की कमेटी भंग कर ग्रेड-बोनस होने तक स्टीयरिंग कमेटी बनाई गई थी। संगठन की आपसी विवाद को समाप्त कराने को लेकर कुछ दिन के लिए स्टीयरिंग कमेटी बनाई थी।
जमशेदपुर : टाटा कमिंस की मान्यता प्राप्त टीसी कर्मचारी यूनियन भंग है। यहां स्टीयरिंग कमेटी काम कर रही है। फरवरी 2019 में यूनियन की कमेटी भंग कर ग्रेड-बोनस होने तक स्टीयरिंग कमेटी बनाई गई थी। यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्व. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने फरवरी-2019 में संगठन की आपसी विवाद को समाप्त कराने को लेकर कुछ दिन के लिए स्टीयरिंग कमेटी बनाई थी। आज वे नहीं है, लेकिन उनके द्वारा बनाई गई कमेटी आज भी चल रही है। ऐसे में यूनियन के कार्यकारिणी सदस्य अब चुनाव चाहते हैं , जिससे नए सिरे से यूनियन पदाधिकारियों व कमेटी मेंबरों का चयन हो सके।
अप्रैल-2021 में पूरा होगा तीन साल का कार्यकाल
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव तीन साल के लिए अप्रैल-2018 में हुआ था, जो अप्रैल-2021 में पूरा होगा। इसे लेकर यूनियन नेता समय रहते चुनाव कराने की मांग करने लगे हैं। उनका मानना है कि स्टीयरिंग कमेटी के चक्कर में करीब दो साल पर हो गया, अब तो पदाधिकारियों या कमेटी मेंबरों का चुनाव हो। नेताओं का मानना है कि चुनाव जीत कर आने वाले पदाधिकारी या कमेटी मेंबर ही मजदूर हित से जुड़ी बातें गंभीरता से उठा सकते हैं।
स्व.राजेंद्र सिंह के जगह पर अध्यक्ष बने हैं अनूप सिंह
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष स्व. राजेंद्र प्रसाद सिंह के स्थान पर कुमारजयंमंगल उर्फ अनूप सिंह को यूनियन की कमेटी ने अध्यक्ष चुन लिया है। अब अध्यक्ष ही नए सिरे से चुनाव कराने की घोषणा कर सकते हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन आगे जो चाहेगा वहीं होगा। टाटा मोटर्स की तर्ज पर यहां भी अंदरखाने से तैयारी चल रही है।