यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Entertainment: छोटे पर्दे पर धूम मचा रहा जमशेदपुर का स्वराज, पता है किस मुहल्ले का है छोर
Entertainment यूट्यूब के साथ टीवी सीरियल में जमशेदपुर शहर का स्वराज सिंह धूम मचा रहा है। क्राइम पेट्रोल सावधान इंडिया ...और पढ़ें

जमशेदपुर, जासं। यूट्यूब के साथ टीवी सीरियल में जमशेदपुर शहर का स्वराज सिंह धूम मचा रहा है। क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया से लेकर कई सीरियल में काम कर चुका स्वराज अब यूट्यूब की दुनिया में कदम रखकर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा रहा है।
स्वराज का जन्म जमशेदपुर के शास्त्रीनगर में हुआ। बचपन से ही स्वराज का झुकाव एक्टिंग की आेर था। शहर के सेंट मैरी स्कूल से बारहवीं पास करने के दौरान ही स्वराज ने कई पुरस्कार जीते। बेंगलुरू में रहकर एमबीए करने के बाद स्वराज ने मशहूर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर के इंस्टीच्यूट से डिप्लोमा किया। उसके बाद मुंबई के एक थिएटर ग्रुप के साथ जुड़ गया। छह वर्षों तक थिएटर में जीतोड़ मेनहत के दौरान सौ से ज्यादा नाटक में परफाॅर्म किया। इस दौरान स्वराज ने शार्ट फिल्मों में भी हाथ आजमाया। इसमें प्यादा, द ट्रस्ट, रेड स्कॉफ शार्ट फिल्म शामिल है। स्वराज भूख नामक स्टोरी से रातों-रात चमक गए।
स्टोरी टेलर भी हैं स्वराज
भूख को द हेबिटेट ने शूट किया और बडडीबीट्स ने फेसबुक पर रिपोस्ट किया। इसे एक मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा। भूख को तिहाड़ जेल के बाल सुधार गृह में भी दिखाया गया। वे तब भावुक हो गए जब बाल सुधार गृह से एक बच्चे ने उन्हें पत्र लिखा और कहानी की जमकर सराहना की। इसके बाद स्वराज ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। आज स्वराज एक एक्टर के साथ-साथ स्टोरी टेलर भी है। इनकी कई कहानियां यूट्यब पर देखी जा सकती है। इसमें हिंगलिश, सुपरमैन, खामोशी, गवइया, द रेपिस्ट, अनमोल, अन्ना, खुशी, ट्रीप टू बैकोक काफी प्रचलित है।
बालीवुड में पैर जमाने की कर रहे जिद्दोजहद
दस शहरों में अपना परफाॅरमेंस देने के बाद स्वराज ने मुंबई में एक्टिंग क्लास देना शुरू कर दिया है। करीब सौ से ज्यादा लोग उनसे एक्टिंग की कला सीखकर विभिन्न स्थानों पर कार्यरत हैं। स्वराज अपनी सफलता के पीछे माता- पिता और खासमहल निवासी चाचा अखिल सिंह का हाथ बताते हैं। पिता के निधन के बाद चाचा ने उनका हौसला बढ़ाया। हर कदम पर उनके चाचा खड़े रहे और मदद की। स्वराज बॉलीवुड में स्थान पाने के लिए जी तोड़ मेनहत कर रहा है। उनके चाचा अखिल सिंह का सपना है कि स्वराज को वे बॉलीवुड में एक्टिंग करते देखना चाहते हैं।
