एक्शन में जमशेदपुर के डीसी, जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण, मची भगदड़, धरे गए दो दर्जन, कंप्यूटर आपरेटर निकला फर्जी
जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उपायुक्त सूरज कुमार का वाहन प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रवेश किया। डीसी को देखते ही बिचौलिए व दलाल भागने लगे। इस क्रम में उपायुक्त के इशारे पर करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता) । जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उपायुक्त सूरज कुमार का वाहन प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रवेश किया। डीसी को देखते ही बिचौलिए व दलाल भागने लगे। इस क्रम में उपायुक्त के इशारे पर करीब दो दर्जन लोगों को परसुडीह थाना की पुलिस ने हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाना ले गई। इनमें से एक ऐसा युवक भी था जो अपने आप को प्रखंड का कर्मचारी बता रहा था। सत्यापन के लिए जब उसका आई कार्ड दिखाया गया तो वह फर्जी निकला। युवक अपने आप को कंप्यूटर ऑपरेटर बता रहा था ।
डीसी ने घुसते ही बंद कराया मुख्य गेट
जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के अंदर प्रवेश करते ही उपायुक्त ने मुख्य गेट पर जवान को तैनात कर दिया। किसी भी व्यक्ति को परिसर से बाहर नहीं जाने देने का आदेश दिया । उपायुक्त प्रखंड व अंचल के एक-एक कार्यालय में जाकर कर्मचारियों से पूछताछ किया। कुछ कर्मचारी ड्यूटी करते पाए गए तो कई का कार्यालय बंद था। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार और अंचल अधिकारी अनुराग तिवारी भी अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों ने बताया कि अंचलाधिकारी छुट्टी पर है जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी फील्ड विजिट में निकले हुए हैं। प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर अवैध रूप से फॉर्म बेचने वाले लोगों को भी खदेड़ा गया। परसुडीह थाना में पूछताछ के बाद कई लोगों को पीआर बांड पर छोड़ा गया, जबकि कई से पूछताछ जारी है। उपायुक्त ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायत मिल रही थी कि प्रखंड कार्यालय में बिचौलिया सक्रिय हैं वही कई अधिकारी समय पर ड्यूटी नहीं कर रहे है। उसी को लेकर औचक जांच किया गया। यह अभियान समय-समय पर चलाया जाएगा ताकि आम लोगों को बिचौलियों से निजात मिल सके।