तीज पर सुहागिनों ने रखा उपवास, की पूजा
अखंड सौभाग्य का पर्व हरितालिका तीज शुक्रवार को प्रखंड में आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा। पूरे विधि-विधान से पूजा की। तीज की कथा सुनने व शिव-पार्वती की पूजा के लिए विभिन्न मंदिरों में महिलाएं पहुंची। कई महिलाओं ने अपने घर पर ही व्रत की कथा सुनी..
मुसाबनी : अखंड सौभाग्य का पर्व हरितालिका तीज शुक्रवार को प्रखंड में आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा। पूरे विधि-विधान से पूजा की। तीज की कथा सुनने व शिव-पार्वती की पूजा के लिए विभिन्न मंदिरों में महिलाएं पहुंची। कई महिलाओं ने अपने घर पर ही व्रत की कथा सुनी। पंडित सोमेश्वर झा ने बताया कि सौभाग्यवती स्त्रियां अपने अखंड सौभाग्य के लिए हरितालिका तीज व्रत करती हैं। दिनभर व्रत रखकर भगवान शिव-पार्वती की पूजा कर कथा सुनती हैं। कई व्रतियां रात्रि जागरण भी करती हैं। भजन करती हैं। अगले दिन प्रात:काल पूजा-अर्चना कर पूजन-सामग्री का विसर्जन करेंगी। फिर ब्राह्मणों को दान देकर पारण करेंगी। उपायुक्त व विधायक से की नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग : केंदुआ पंचायत स्थित बुरुडीह व हुटुबदा गांव के बीच नदी पर पुल बनाने की मांग को लेकर छात्र नेता उदय मुर्मू ने शुक्रवार को उपायुक्त व पोटका विधायक को ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता ने कहा कि बारिश के दिनों मे नदी में बाढ़ की स्थिति बनी रहती है, जिसके कारण लोगों का आवागमन बंद हो जाता है। यह नदी सबसे ज्यादा स्कूली बच्चों व मरीजों को प्रभावित करती है। बारिश के मौसम मे गर्भवती महिलाओं को नदी पार कराने मे काफी परेशानी होती है। इस नदी मे पुल बनाने को लेकर बुरुडीह गांव के ग्रामीण वर्षों से प्रयासरत हैं। छात्र नेता उदय मुर्मू ने कहा कि नदी पर पुल निर्माण कराने की स्वीकृति नहीं मिली तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करेंगे। भाजपा नेता ने तीन परिवारों को दी तिरपाल : मोहनपुर गांव के बादली खामराई, पलटू नमता, भगाबंदी गांव के साधन दलई का पुआल घर बारिश में धंस जाने से तीन परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए थे। भाजपा नेता तपन ओझा को जानकारी मिली तो उन्होंने तीनों परिवार को तिरपाल उपलब्ध कराया। साथ ही परिवार को सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।