कोल्हान में संभावनाएं देख रही आजसू, सुदेश 28 को करेंगे गोईलकेरा में सभा
झारखंड आंदोलनकारी मंच के बिरसा मुंडा आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो के समक्ष आजसू पार्टी का दामन थामेंगे।
जमशेदपुर(जेएनएन)। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में संभावनाओं की तलाश में जुटी पार्टियों के लिए कोल्हान की अनदेखी आसान नहीं है। यही वजह है कि सभी पार्टियों ने जोर लगा रखा है। सभी पार्टियों ने बड़े नेता लगातार यहां दौरा कर कार्यक्रम कर रहे हैं और जनधार बढ़ाने और जताने की कवायद में जुटे हैं। इसी कड़ी में आजसू कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम के गोईलकेरा हाट मैदान में सभा करनेवाले हैं। पार्टी के स्वराज अभियान की कड़ी में यह सभा 28 अक्तूबर को होगी।
सभा को सफल बनाने के लिए स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से पूरी ताक झोंक रखी है। बैठकों और नुक्कड़ सभाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में सोनुवा वन विश्रामागार में आजसू पार्टी की बैठक प्रखंड अध्यक्ष योगेन्द्र बांकिरा की अध्यक्षता में हुई। इसमें 28 अक्टूबर को गोईलकेरा हाट मैदान में आयोजित होनेवाली स्वराज स्वाभिमान सभा की तैयारी की समीक्षा की गई एवं सभा को सफल बनाने पर विचार-विमर्श किया। आंदोलनकारी मंच के बिरसा मुंडा होंगे शामिल
इस सभा में झारखंड आंदोलनकारी मंच के बिरसा मुंडा अपने समर्थकों के साथ के साथ पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो के समक्ष आजसू पार्टी का दामन थामेंगे। सभा की तैयारी की समीक्षा करते हुए बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ महतो ने कहा कि झामुमो जल, जंगल एवं जमीन के नाम पर राजनीति करती है। लेकिन अभी तक जल, जंगल एवं जमीन का विकास नहीं कर पाई है।जंगल क्षेत्र के लोग आज भी पत्ता-दातून एवं लकड़ी बेचकर जीविकोपार्जन करने पर विवश हैं। उन्होंने कहा की आजसू पार्टी जंगल आंदोलन के अगुआ बिरसा मुंडा को सम्मान देने का काम करेगी। मौके पर पार्टी के चक्रधरपुर विधानसभा प्रभारी रामलाल मुंडा, जिला उपाध्यक्ष सनातन प्रधान, जिला संगठन सचिव दिनेश महतो, बिरसा मुंडा, सोमा रूगु, चन्दन बरजो, सुभाष महतो समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।