Tatanagar लोको फाटक पर बनेगा सब-वे, 50 हजार से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
टाटानगर रेलवे स्टेशन में कार्यरत 80 प्रतिशत कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र लोको क्षेत्र है। लोको क्षेत्र में रेल कर्मचारियों का क्वार्टर लोको कॉलोनी कर्षण विभाग सहित ट्रेनिंग स्कूल भी है। ऐसे में अक्सर कर्मचारियों को इस ओर जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
निर्मल प्रसाद, जमशेदपुर : टाटानगर लोको की ओर जाने वाले राहगीरों को अब रेलवे फाटक के उठने का इंतजार नहीं करना होगा। यहां सब-वे का निर्माण किया जा रहा है जो छह से 12 माह में तैयार हो जाएगा। डीआरएम कार्यालय से इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखा दी गई है और बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू भी हो जाएगा। हालांकि पूर्व डीआरएम छत्रसाल सिंह के समय में हुए सर्वे के अनुसार यहां पहले ओवरब्रिज का निर्माण होना था लेकिन अब इसके स्थान पर सब-वे का निर्माण किया जा रहा है। लोको क्षेत्र में निर्माणाधीन आरआरआई ऑफिस के आसपास ही इस सब-वे का निर्माण प्रस्तावित है। सब-वे बनने के बाद 50 हजार से अधिक आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
आधे घंटे तक करना पड़ता है इंतजार
टाटानगर रेलवे स्टेशन हावडा-मुंबई और पुरी-नई दिल्ली रूट का प्रमुख स्टेशनों में से एक है। यहां से हर दिन 20 जोड़ी ट्रेन और मालगाड़ियों की आवाजाही होती है। ऐसे में लोको कॉलोनी या ट्रेनिंग सेंटर जाने वाले यात्रियों को यहां फाटक उठने के लिए आधे-आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। लेकिन सब-वे बनने से स्थानीय निवासियों की परेशानी दूर होगी।
लोको क्षेत्र में 80 प्रतिशत कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र
टाटानगर रेलवे स्टेशन में कार्यरत 80 प्रतिशत कर्मचारियों का कार्यक्षेत्र लोको क्षेत्र है। लोको क्षेत्र में रेल कर्मचारियों का क्वार्टर, लोको कॉलोनी, कर्षण विभाग सहित ट्रेनिंग स्कूल भी है। ऐसे में अक्सर कर्मचारियों को इस ओर जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर चार पहिया वाहन चालकों को फाटक उठने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। आपात स्थिति में एंबुलेंस के आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोको क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की वर्षो पुरानी मांग अब पूरी होने वाली है। पिछले दिनों डीआरएम ने लोको क्षेत्र में सब-वे निर्माण जल्द शुरू होने का आश्वासन दिया है। उम्मीद है कि प्रोजेक्ट बारिश के बाद शुरू होगा और छह से 12 माह में पूरा हो जाएगा।
-शशि मिश्रा, कार्यवाहक महासचिव, दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस, चक्रधरपुर मंडल