एसएसएफसी ने एसकेएमसी के जबड़े से छीनी जीत
अंतिम समय में बुधराम पूर्ति के बेहतरीन गोल की बदौलत सिंहभूम सॉकर फैंस ने रोमांचक जीत दर्ज की।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अंतिम समय में बुधराम पूर्ति के बेहतरीन गोल की बदौलत सिंहभूम सॉकर फैंस क्लब ने जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में गोपाल मैदान में खेले गए सुपर डिवीजन लीग के एक मुकाबले में सिदो-कान्हू मेमोरियल क्लब को 2-1 से पराजित कर दिया।
रोमांचक मैच में दोनों ही टीमों ने मैदान पर खूब पसीना बहाया। शुरुआत से ही सिंहभूम सॉकर फैंस क्लब के खिलाड़ी आक्रामक नजर आ रहे थे। खेल के 27वें मिनट में विष्णु गोप ने शानदार मैदानी गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। गोल खाकर बौखलाई सिदो-कान्हू मेमोरियल क्लब की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पाई। इस दौरान सिदो-कान्हू ने गोल करने के कई सुनहरे मौके गंवाए। खेल के 66वें मिनट में गोपी माझी ने गोल कर सिंहभूम सॉकर फैंस क्लब की बढ़त को 1-1 से बराबरी पर ला खड़ा किया। अब दोनों ओर से जबरदस्त आक्रमण-प्रतिआक्रमण का दौर देखने को मिला। खेल के 72वें मिनट में बुधराम पूर्ति ने शानदार गोल कर सिदो-कान्हू के जबड़े से जीत छीन ली।
रफ प्ले के लिए सिंहभूम सॉकर फैंस क्लब के बिष्णु गोप को 58वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया। मैच के रेफरी मोहित मुर्मू, प्रेम दास, अमोल दुबराज व भुगलू मार्डी थे।