Move to Jagran APP

नहीं हुआ चांद का दीदार, ईद कल

ईद के चांद का दीदार शनिवार को नहीं हुआ। अब रोजेदारों रविवार को भी रोजा रखने का इरादा किया।

By JagranEdited By: Published: Sun, 24 May 2020 07:00 AM (IST)Updated: Sun, 24 May 2020 07:00 AM (IST)
नहीं हुआ चांद का दीदार, ईद कल
नहीं हुआ चांद का दीदार, ईद कल

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : ईद के चांद का दीदार शनिवार को नहीं हुआ। अब रोजेदार रमजान के पूरे 30 रोजे रखेंगे। 30 रोजे रखने के बाद सोमवार को शहर में ईद का त्यौहार पूरे अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। हालांकि इस बार कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन की वजह से शहर की ईदगाह और मस्जिदों में पहली बार ईद की सामूहिक नमाज नहीं होगी। बल्कि लोग अपने घरों में ईद की नमाज अदा करेंगे। इसके लिए उन्होंने वीडियो मैसेज और लिखित पैगाम के जरिए लोगों को ईद की नमाज पढ़ने का तरीका बता दिया है।

loksabha election banner

शनिवार को रमजान की 29 तारीख थी। चांद महीने की 29 तारीख को नजर आता है। यदि 29 को नहीं नजर आया तो 30 को चांद जरूर दिखता है। इसलिए शनिवार को 29 तारीख होने की वजह से शहर भर के लोगों ने चांद देखने की कोशिश की। मदरसा फैजुल उलूम और इमारत-ए-शरिया ने भी लोगों से चांद देखने की अपील की थी। चांद नजर आने पर उन्हें सूचना देने की बात कही गई थी, लेकिन चांद नजर नहीं आया। ना कहीं से चांद की तस्दीक हुई। इसके बाद मदरसा फैजुल उलूम और इमारत शरिया से चांद नहीं दिखाई देने का एलान कर दिया गया। मदरसा फैजुल उलूम के प्रवक्ता मोहम्मद मुख्तार और इमारत शरिया के शहर काजी सऊद आलम कासमी ने लोगों से चांद नहीं दिखाई देने और रविवार को तीसरा रोजा होने की बात कही। इसके बाद लोगों ने रविवार को रोजा रखने का इरादा किया। भले ही ईद का चांद न दिखा हो और ईद सोमवार को हो लेकिन लोगों ने ईद की तैयारी शुरू कर दी है। आज मानगो रोड नंबर 2, ओल्ड पुरुलिया रोड, धतकीडीह, शास्त्री नगर, जुगसलाई आदि इलाके की बाजारों में लोगों ने ईद के लिए सेवईं और लच्छे खरीदे। इसके अलावा सूखे मेवे भी खरीदे गए ताकि सेवइयों को लजीज बनाया जा सके। साथ ही इत्र, सुरमा, वगैरा भी खरीदा गया। इस बार बहुत कम लोगों ने नए कपड़े सिलवाए हैं। फिर भी 20 से 25 फीसद लोगों ने नए कपड़े सिलवाए हैं। चांद रात के दिन मानगो के रोड नंबर 2 और ओल्ड पुरुलिया रोड में ईद का बाजार सजेगा। मगरिब की अजान के वक्त लोगों ने इलाके में चांद देखने की कोशिश की। 10 से 15 मिनट तक सभी ने आसमान में चांद देखने के लिए टकटकी लगाए रखी। लेकिन चांद नजर नहीं आया। वैसे सऊदी अरब में शुक्रवार को चांद नहीं होने की वजह से यह साफ हो गया था कि शनिवार को यहां भी चांद नहीं होगा। माना जाता है कि जिस दिन सऊदी अरब में चांद दिखता है। उसके अगले दिन भारत में चांद दिखाई देता है। सऊदी अरब में रविवार को ईद है। तो जमशेदपुर में सोमवार को होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.