पीठ पर बरसी बुढ़ापे की लाठी : बेटे ने पीट-पीटकर कर मां को मार डाला Jamshedpur News
पूर्वी सिंहभूम में हत्या की सनसनीखेज घटना हुई है। जिले के जादूगोड़ा में एक बेटे ने अपनी मां की पीट-पीट कर हत्या कर दी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जादूगोड़ा (पूर्वी सिंहभूम, जेएनएन)। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र के जादूगोड़ा में एक बेटे ने अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रिश्ते के कत्ल की यह वारदात कुलडीहा गांव में हुई। घटना की सूचना मिलते ही आरक्षी उपाधीक्षक गांव पहुंचे और तहकीकात की। हत्यारोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि युवक नशे में था। किसी बात पर कहासुनी हुई और उसने मां को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वह तबतक पीटता रहा जबतक मां की मौत नहीं हो गई।
गिरफ्तार हत्यारोपित युवक।
हत्या करने के बाद जाकर दी पिता को जानकारी
हत्या करने के बाद बिट्टू अपने पिता से जाकर मिला। बताया कि मां मर गयी है। पिता पत्नी और बेटे के साथ नहीं रहते हैं। पिता गांव में ही दूसरी जगह पर रहते हैं। पिता ने रात होने के कारण घर जाकर नहीं देखा। दूसरे दिन सोमवार की सुबह जब पिता घटना वाले अपने घर में पहुंचे तो पत्नी को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद आसपास के लोग जमा हुए। पुलिस को खबर की गई। घटना के बाद बिट्टू सिंह जादूगोड़ा स्थित अपनी मौसी के घर आ गया था।
पुलिस को बताई ये कहानी
घटना के बाद पुलिस गिरफ्त में आने पर बिट्टू ने बताया कि उसने नशे में अपनी मां की जान ली। मां हमेशा दारू पी हुई रहती थी । वह जब काम से आता था तो उसे खाना नहीं देती थी। हमेशा उससे लड़ती रहती थी। इसलिए गुस्से में नशे में उसने ऐसा कदम उठाया। घटना की सूचना पाकर मुसाबनी डीएसपी पीताम्बर सिंह खेड़वार जादूगोड़ा पहुंचे और बिट्टू को उसकी मौसी के घर तिरिलघुटु से बाइक से गिरफ्तार कर जादूगोड़ा थाना ले आये।