एक लाख रुपये जुर्माना और दो साल की सजा को चैंबर ने बताया तुगलकी फरमान, विरोध में शनिवार को बंद रहेगा जमशेदपुर का बाजार Jamshedpur News
झारखंड सरकार द्वारा कोरोना को लेकर बनाए गए कानून के विरोध में शहर के व्यापारियों ने शनिवार को बाजार बंद करने का निर्णय लिया है।
जमशेदपुर (जासं) । झारखंड सरकार द्वारा कोरोना को लेकर बनाए गए कानून के विरोध में शहर के व्यापारियों ने शनिवार को बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। यही नहीं रविवार से शहर के सारे दुकान व व्यापारिक प्रतिष्ठान शाम छह बजे बंद कर दिए जाएंगे। इस संबंध में शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में बैठक हुई। बैठक मेंंसिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अलावा अन्य व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। व्यापारियों का कहना थाा कि कोरोना की लड़ाई में हम भी झारखंड सरकार के साथ हैं, लेकिन मास्क नहीं पहनने और शारीरिक दूरी के उल्लंघन पर एक लाख रुपये का जुर्माना और दो साल की जेल एक तुगलकी फरमान है, जो हमें मंजूर नहीं है। जब तक झारखंड सरकार इस कानून को वापस नहीं लेती, व्यापारियों का विरोध जारी रहेगा।
चैंबर के बंद को भाजपा ने किया समर्थन
झारखंड सरकार द्वारा झारखंड संक्रामक अधिनियम के तहत लाए गए प्रावधान के विरोध में सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा शनिवार को आहूत बंद को भाजपा जमशेदपुर महानगर का नैतिक समर्थन रहेगा। यह घोषणा आज भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने की। भाजपा जिला महामंत्री अनिल मोदी ने बताया कि भाजपा झारखंड सरकार द्वारा लिए गए निर्णय, मास्क नही पहनने पर एक लाख रुपये जुर्माना और दो वर्ष की कैद को अतार्किक,और जनविरोधी मानती है।और इसके विरोध में व्यापारी समुदाय द्वारा लिए गए बाजार बंद के निर्णय का नैतिक समर्थन करती है।