बजी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव की डुगडुगी, 24 सितंबर को पड़ेंगे वोट Jamshedpur News
सिंहभूम चैंबर आफ कॉमर्स के चुनाव का ऐलान हो गया है। 24 सितंबर को मतदान होगा। ये रही पूरे चुनावी कार्यक्रम की जानकारी।
जमशेदपुर, जासं। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव की डुगडुगी बज गई है। चैंबर की वार्षिक आमसभा 23 सितंबर को जबकि नई कार्यकारिणी के लिए गुप्त मतदान 24 सितंबर को होगा।
सिंहभूम चैंबर की 2017-19 की वर्तमान कार्यकारिणी की 19वीं बैठक चैंबर भवन के बजाए पुरुलिया के अयोध्या हिल स्थित कुशाल पल्ली रिसोर्ट में हुई। अध्यक्ष अशोक भालोटिया के सौजन्य से आयोजित इस बैठक में सभी 11 पदाधिकारी, 30 कार्यसमिति व सक्रिय सदस्य सहित पूर्व अध्यक्ष में एके श्रीवास्तव, निर्मल काबरा व सुरेश सोंथालिया भी उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अशोक भालोटिया ने पूरी कार्यकारिणी का दो वर्षो तक सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया। कहा कि बीते दो वर्षो में व्यापारिक हित में कार्यकारिणी ने कई काम किए हैं और काम शेष है जिसे आगामी वर्षो में किया जाएगा।
बैठक के बाद हुई चुनाव की घोषणा
बैठक की समाप्ति के बाद प्रति दो वर्ष में होने वाले चैंबर चुनाव के कार्यक्रम की भी घोषणा की गई। बैठक में अध्यक्ष अशोक भालोटिया के अलावे, महासचिव विजय आनंद मूनका, उपाध्यक्ष भरत वसानी, मानव केडिया, दिनेश चौधरी, नितेश धूत, सहायक सचिव सत्यनारायण अग्रवाल, महेश सोंथालिया, राजीव अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
रात में ठहरने की थी व्यवस्था
चैंबर चुनाव को देखते हुए निवर्तमान अध्यक्ष अशोक भालोटिया की ओर से रिसोर्ट में रात में ठहरने की भी व्यवस्था की गई थी। इसके लिए रिसोर्ट में लगभग 30 से 32 कमरे बुक किए गए थे। शाम की बैठक के बाद सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। वहीं, इससे पहले निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया के नेतृत्व में लगभग 53 चैंबर सदस्य बैंकॉक गए थे।
चैंबर का चुनाव कार्यक्रम
- 12 से 16 सितंबर : नामांकन पत्रों का वितरण
- 17 व 18 सितंबर : नामांकन पत्र जमा
- 19 सितंबर : नामांकन पत्रों की जांच
- 20 सितंबर : नाम वापसी
- 21 सितंबर : उम्मीदवारों की सूची का अंतिम प्रकाशन
- 23 सितंबर : चैंबर की वार्षिक आमसभा
- 24 सितंबर : सुबह 10:30 से शाम चार बजे तक गुप्त मतदान, मतगणना व विजयी उम्मीदवारों की घोषणा।
तय होंगे चुनाव निर्वाचन पदाधिकारी
चैंबर का चुनाव समाज के पांच वरीय सदस्यों द्वारा कराया जाता है। कार्यकारिणी की बैठक में चुनाव निर्वाचन पदाधिकारी के लिए दस नाम सुझाए गए। इनमें से पांच नाम को फाइनल किया जाएगा।