बेटियों के साथ बेटों में भी डालें संस्कार : जया Jamshedpur News
मारवाड़ी महिला समिति की चाकुलिया शाखा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को शहर के टाउन हॉल परिसर में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
चाकुलिया (संवाद सूत्र)। मारवाड़ी महिला समिति की चाकुलिया शाखा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को शहर के टाउन हॉल परिसर में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष जया डोकानिया एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लता अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप जलाकर किया।
मौके पर उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए जया डोकानिया ने कहा कि वर्ष 1994 में चाकुलिया में जिस महिला समिति का बीजारोपण किया गया था, वह आज एक वृक्ष के रूप में तैयार हो चुका है। बीते 25 वर्षों के दौरान यहां की महिलाओं ने सीमित संसाधनों के बल पर काफी बेहतर कार्य किया है। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर रक्तदान शिविर निर्धन बच्चों एवं महिलाओं को मदद जैसे नेक काम संस्था ने किया है। अब समिति को किसी बड़े परियोजना पर कार्य करने की जरूरत है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महिला समिति की सदस्यों को परियोजना के तौर पर किसी पिछड़े गांव को गोद लेकर हैप्पी विलेज बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक गांव को चुन लें तथा उसे मॉडल के तौर पर विकसित करने का प्रयास करें। उस गांव के बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य बुनियादी जरूरतों में सुधार लाने के लिए काम करें। यह तत्काल संभव नहीं हो पाएगा, लेकिन लगातार 8- 10 वर्षों तक प्रयास करने पर निश्चित तौर पर वह गांव हैप्पी विलेज बन जाएगा। इस काम में सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं जनप्रतिनिधियों की भी मदद लें। उन्होंने कहा कि आज समाज में जिस तरह की आपराधिक घटनाएं हो रही है, वह बेहद दुखद है। हम महिलाओं को इसे चुनौती के रूप में स्वीकार करना होगा। हमें सिर्फ बेटियों में ही नहीं बल्कि बेटों में भी संस्कार पिरोना होगा ताकि वह किसी ने गलत काम करने से पहले सौ बार सोचे।
समिति की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लता अग्रवाल ने कहा कि छोटे शहर एवं गांव की महिलाएं आज किसी भी मायने में बड़े शहर की महिलाओं से पीछे नहीं है। चाकुलिया के एक गांव में रहने वाली जमुना टुडू इसका उदाहरण है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देशभर में नाम रोशन किया एवं पद्मश्री पुरस्कार पाया। अग्रवाल ने भी बच्चों में बेहतर संस्कार डालने की अपील महिलाओं से की। कहा कि केवल सरकार एवं कानून के भरोसे महिलाओं पर होने वाले अपराध नहीं थम सकते। बेहतर समाज बनाने के लिए हमें आगे आना ही होगा। समारोह को महिला समिति की प्रदेश अध्यक्ष अनीता अग्रवाल, जमशेदपुर की वीणा खेरवाल, पद्मश्री जमुना टुडू, डॉ शालिनी मिश्रा, नगर पंचायत की अध्यक्ष संध्या रानी सरदार आदि ने भी संबोधित किया। संचालन रीता अग्रवाल एवं धन्यवाद ज्ञापन महिला समिति की अध्यक्ष पुष्प लता रूंगटा ने किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सबका मन मोहा
मारवाड़ी महिला समिति के रजत जयंती समारोह के दौरान बच्चों एवं महिलाओं ने शानदार संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद बच्चों का सामूहिक नृत्य महिलाओं का डांडिया नृत्य आदि प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में उमा लोधा, राजश्री रुंगटा, बबीता रुंगटा, रेखा लोधा, पूजा अग्रवाल, चंदा रुंगटा, मधु झुनझुनवाला, पुष्पा लोधा, सुमन लोधा, लता लोधा, सरिता छावछारिया, उषा केडिया, कांता रुंगटा आदि की सक्रिय भूमिका रही।
सम्मानित किए गए विजेता प्रतिभागी
समारोह के दौरान बीते 25 वर्षों में मारवाड़ी महिला समिति का संचालन करने वाली पदाधिकारियों एवं गत दिनों आयोजित प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में समिति की प्रथम अध्यक्ष राजकुमारी रुंगटा, गीता अग्रवाल, सरोज रुंगटा, वीणा रुंगटा, रीता लोधा, पुष्पा रुंगटा, बच्चों की प्रतियोगिता के विजेता राघव रूंगटा, विहान झुनझुनवाला, निकिता पसारी, वंशिका अग्रवाल, समृद्धि रुंगटा, अधिराज रुंगटा, परी रुंगटा, नित्या रुंगटा, राघव अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, परिधि अग्रवाल, महिलाओं में संगीत भारतीय, बबीता अग्रवाल, सपना अग्रवाल, बीना खंडेलवाल, लता लोधा, ज्योति शर्मा, सुनीता रुंगटा, शारदा लोधा, राजश्री रुंगटा आदि शामिल थे। समिति की पूर्व दिवंगत अध्यक्ष कमला सुरेखा की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया।