विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Savitribai Phule Yojana: पोर्टल पर नहीं दिख रहे स्कूल और कॉलेज, योजना का आवेदन फंसा

By Ch Rao Edited By: Sanjeev Kumar
Published: Mon, 21 Sep 2026 06:00 AM (IST)

पूर्वी सिंहभूम और घाटशिला अनुमंडल में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ हजारों छात्राओं को एक साल से नहीं ...और पढ़ें

ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में आ रही तकनीकी खराबी के कारण पूरी आवेदन प्रक्रिया ठप पड़ी है।

ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में आ रही तकनीकी खराबी के कारण पूरी आवेदन प्रक्रिया ठप पड़ी है।

HighLights

  1. सावित्रीबाई फुले योजना का लाभ हजारों छात्राओं को नहीं मिल रहा।

  2. ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में तकनीकी खराबी से आवेदन प्रक्रिया रुकी।

  3. योजना का मूल उद्देश्य, पढ़ाई जारी रखना, प्रभावित हो रहा है।

जासं, जमशेदपुर। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ पूर्वी सिंहभूम जिले सहित घाटशिला अनुमंडल के दर्जनों वित्त रहित अनुदानित विद्यालयों में अध्ययनरत हजारों छात्राओं को पिछले एक वर्ष से नहीं मिल पा रहा है। 
 
चालू वित्तीय वर्ष में पात्र छात्राओं को योजना से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में आ रही तकनीकी खराबी के कारण पूरी आवेदन प्रक्रिया ठप पड़ी है।
 
झारखंड शिक्षा परियोजना, पूर्वी सिंहभूम ने 16 सितंबर 2026 को एक पत्र जारी कर वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत कक्षा 8वीं से 12वीं तक की पात्र छात्राओं को योजना का लाभ देने का निर्देश दिया था। 
 
जिला शिक्षा विभाग ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों (BEEO) और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल के माध्यम से योग्य छात्राओं का सत्यापन कर आवेदन तुरंत दर्ज कराने को कहा था।
 
विभाग के कड़े रुख के बावजूद जमीनी स्तर पर विद्यालय प्रबंधन और छात्राएं लाचार महसूस कर रहे हैं। स्कूलों का कहना है कि ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन दर्ज करते समय गंभीर तकनीकी खामियां आ रही हैं। 
 
पोर्टल पर कई प्रमुख अनुदानित विद्यालयों व महाविद्यालयों के नाम और संबंधित कक्षाओं के विकल्प सही तरीके से प्रदर्शित ही नहीं हो रहे हैं। इस वजह से पात्र छात्राओं का डेटा सिस्टम में सबमिट नहीं हो पा रहा है।
 
तकनीकी बाधा के कारण घाटशिला अनुमंडल के मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज, सिद्धू-कान्हू जनजातीय इंटर कॉलेज, जीएनडी इंटर कॉलेज (धालभूमगढ़), सीकेजेकेएम इंटर कॉलेज (सालबनी), इंटर कॉलेज (आसनबनी), जीसीजेडी उच्च विद्यालय (मुसाबनी) और सरस्वती विद्या मंदिर (मुसाबनी) सहित चाकुलिया, बहरगोड़ा, पोटका व जमशेदपुर प्रखंड के दर्जनों अनुदानित विद्यालयों की छात्राएं योजना के लाभ से वंचित हैं।
 
गौरतलब है कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और स्कूल छोड़ने (ड्रॉपआउट) की दर को कम करना है। 
 
विभागीय लापरवाही और पोर्टल की तकनीकी त्रुटियों के कारण समय पर आर्थिक मदद न मिलने से योजना का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। विद्यालय प्रबंधनों ने विभाग से इस तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।