बच्चों को भा रहे क्रिसमस ट्री और सांता के पोशाक
क्रिसमस के त्यौहार से पूर्व ही बाजार में रौनक देखने लायक है। क्रिसमस ट्री और सांता क्लॉज के टेडी बियर व घर को सजाने के समान से दुकानें सजी हुई हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। प्रभु यीशु के जन्मदिन और उनके संदेशों से क्रिसमस का जुड़ाव है। इस बार क्रिसमस के त्यौहार से पूर्व ही बाजार में रौनक देखने लायक है। क्रिसमस ट्री और सांता क्लॉज के टेडी बियर व घर को सजाने के समान से दुकानें सजी हुई हैं।
इस वर्ष सांता के नए-नए डिजाइन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई सोनारी में क्रिसमस ट्री व सांता क्लॉज के पोशाक व मास्क बिक रहे हैं। दुकानों पर कहीं आराम से कुर्सी पर बैठा सैंटा तो कहीं इलेक्ट्रॉनिक सांता लोगों को लुभा रहा है। जिंगल बेल गाते इलेक्ट्रोनिक सांता की अधिक मांग है।
म्यूजिकल ट्री
म्यूजिकल ट्री के अंदर क्रिसमस ट्री लगाई गई है और यह ट्री म्यूजिक के साथ चारों ओर घुम रही है। इसकी कीमत 899 के करीब है। इसे बच्चे पसंद कर रहे हैं।
म्यूजिकल लैंप
म्यूजिकल लैंप में एक लाईट ऑन होते ही म्यूजिक बजा रहा है। जो बच्चों को आकर्षित कर रही है। इसकी कीमत करीब 150 रुपये है।
क्रिसमस ट्री
क्रिसमस ट्री छोटे से लेकर बड़े आकार में तरह तरह के सजावट के साथ बिक रहे हैं। जो ग्राहकों को अपनी और आकर्षित कर रहे हैं। क्रिसमस ट्री की कीमत 150 रुपये से आठ हजार रुपये तक है।
युगलों को भा रहे एलईडी फोटो फ्रेम
बिष्टुपुर आर्चीज गैलरी में एलईडी फोटो फ्रेम युगलों को भा रहे हैं। हालांकि इस गिफ्ट आइटम की कीमत करीब छह हजार रुपये है। लेकिन इस फोटो फ्रेम में एलईडी इस तरह से जल रही है कि इसमें लगे फोटो की सुंदरता और बढ़ रही है। ग्राहक अपने सुनहरे पल के फोटो इसमें लगा सकते हैं।
विग स्कूल में क्रिसमस की धूम
गोविंदपुर विग इंग्लिश स्कूल में नर्सरी से लेकर सातवीं कक्षा के बच्चों के बीच क्रिसमस पार्टी का आयोजन किया गया । इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न तरह के खेलों का आयोजन किया गया। संताक्लॉज ने भी बच्चों का खूब मनोरंजन कराया। कार्यक्रम को सफ ल बनाने में विद्यालय कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के साथ स्कूल के शिक्षक शिक्षकेतर कर्मियों के साथ विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।
सोनारी और मानगो में गैदरिंग
क्रिसमस के निकट पहुंचने के साथ ही शहर में जगह-जगह क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया जा रहा है। सोनारी और मानगो में क्रिसमस गैदरिंग में मसीही समाज ने प्रभु यीशु मसीह के आने की खुशी मनाई और गीत संगीत व नाटक के माध्यम से उनका जन्म, उनके वचन और उनका संदेश लोगों तक पहुंचाया। सोनारी स्थित जीईएल चर्च में क्रिसमस गैदरिंग में युवाओं ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर आधारित कहानी नाटक के माध्यम से पेश किया। प्रभु भक्ति के गीतों पर लोगों ने खूब मस्ती की। कार्यक्रम में सोनारी के अलावा कदमा, बिरसानगर, मानगो आदि क्षेत्र से समाज के लोग शामिल हुए।
कैरोल एटिक प्रतियोगिता
बिष्टुपुर स्थित सेंट मेरीज इंगलिश हाई स्कूल के तत्वावधान में कैरोल एटिक इंटर स्कूल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 10 स्कूलों ने हिस्सा लिया। सेंट जेवियर्स स्कूल को कैरोल प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि फादर सीआर प्रभु, विशिष्ट अतिथि जीइएल चर्च के चेयरमैन पास्टर एस भेंगरा व अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर किया। यह प्रतियोगिता क्रिसमस गीत और क्रिसमस पर आधारित नृत्य से जुड़ी थी। मुख्य अतिथि फादर प्रभु ने इस प्रकार के कार्यक्रमों के महत्व पर बल दिया।