अवैध दखल की जमीन पर बना है सेंट एंथनी चर्च, आरटीआइ से हुआ खुलासा
सेंट एंथनी चर्च अवैध दखल की जमीन पर बना है। खुलासा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी से हुआ है।
जमशेदपुर (जासं)। मानगो के कुक्कुट डुंगरी स्थित सेंट एंथनी चर्च अवैध दखल की जमीन पर बना है। इस तथ्य का खुलासा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी से हुआ है। सदन कुमार ठाकुर की ओर से यह जानकारी मांगी गई थी।
आरटीआइ के तहत किए गए आवेदन में सदन कुमार ठाकुर की ओर से जानकारी मांगी गई थी कि कुक्कुट डुंगरी सेंट एंथनी चर्च मानगो की जमीन का खाता, प्लॉट, रकबा, मौजा, थाना संख्या एवं मूल खतियानधारी का नाम पूरे विवरण के साथ दिया जाए। चार अक्टूबर को जमशेदपुर अंचल अधिकारी कार्यालय से दिए गए जवाब में बताया गया कि हालिया सर्वे के अनुसार मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति के वार्ड संख्या 9, खाता संख्या 908 का संबंधित प्लॉट संख्या अनाबाद बिहार सरकार के खाते में दर्ज है।
इसपर चैतन हो नाम के व्यक्ति की पत्नी जमना कुई का अवैध दखल 1966 से और सुशील महतो पुत्र सिद्धेश्वर महतो का दखल 1963 से दर्ज है। आरटीआइ के तहत मांगी गई जानकारी नहीं मिलने पर प्रथम अपील विगत 22 अक्टूबर को भूमि सुधार उप समाहर्ता से की गई थी।