Jharkhand Assembly Election 2019 : बोले संबित पात्रा, विकास कार्यों के दम पर अपने बूते बनाएंगे सरकार Jamshedpur News
संबित ने कहा कि रघुवर सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि स्थिरता है। जहां स्थिरता है वहां विकास है। जहां अस्थिरता है वहां भ्रष्टाचार नक्सलवाद व उग्रवाद है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा पांच साल में किए गए विकास कार्यों के दम पर अपने बूते झारखंड सरकार बनाएगी। रघुवर सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि स्थिरता है। जहां स्थिरता है वहां विकास है। जहां अस्थिरता है वहां भ्रष्टाचार, नक्सलवाद व उग्रवाद है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ विकास की गाड़ी है। इसमें एक इंजन प्रधानमंत्री चला रहे हैं और दूसरा मुख्यमंत्री। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार मिलकर डबल इंजन हो गया है। दूसरी तरफ 'बेल गाड़ी है। बुधवार को पी चिदंबरम ने आउट ऑफ बेल क्लब ज्वाइन कर लिया, क्योंकि इस क्लब में पहले से ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शशि थरूर व भूपेंद्र हुड्ड सहित कांग्रेस कई बड़े नेता बेल पर हैं। चिदंबरम के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की है कि ये बहुत बड़ा केस है। ऐसे आर्थिक भ्रष्टाचार से देश की कमर टूट जाती है। झारखंड में भी ऐसे तमाम भ्रष्टाचार झारखंड को लूट कर अपनी जेबें भरने के लिए एकजुट हुए हैं।
संबित पात्रा बुधवार को साकची स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड चुनाव में दूसरा बड़ा मुद्दा स्थानीयता बनाम घुसपैठिया है। रघुवर सरकार ने झारखंड की भाषा व स्थानीयता को सम्मान दिलाया है, लेकिन एनआरसी का विरोध करने वाली पार्टियों के लिए स्थानीयता से अधिक बांग्लादेशी व रोङ्क्षहगिया महत्वपूर्ण हैं।
रघुवर सरकार ने 12 जनवरी 2018 को 25 हजार और 12 जनवरी 2019 को एक लाख युवाओं को एक साथ रोजगार देकर एक रिकार्ड बनाया है। दूसरा रिकार्ड हेमंत सोरेन ने एक ही दिन जमीनों की 16 रजिस्ट्री अपने परिवार के नाम करके बनाया है। उन्होंने कहा कि इसी कांग्रेस ने झारखंड में निर्दलीय मधु कोड़ा मुख्यमंत्री बनाकर चार हजार करोड़ का घोटाला किया। भानु प्रताप शाही के सवाल पर संबित ने कहा कि उन पर अभी आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। सरयू राय के सवाल पर बोले कि भाजपा मतलब कमल, कमल मतलब भाजपा। हम भाजपा के साथ हैं।