कंटेनर ने दंपती की बाइक को रौदा, एक की मौत
कोकपाड़ा और नलदोहा के बीच एनएच 33 में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जेएनएन, धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के कोकपाड़ा और नलदोहा के बीच एनएच 33 में एक कंटेनर ने पलसर में सवार दंपती को रौदा। यह घटना सुबह 11 बजे की है। इस घटना में घटना स्थल पर ही 40 वर्षीय बिजेंद्र नाथ गोराई की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्नी कविता गोराई को धालभूमगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद एमजीएम रेफर कर दिया गया। ये दोनों दंपती चाकुलिया प्रखंड के पिताजुड़ी गांव के रहने वाल हैं। बिजेंद्र नाथ गोराई पत्नी कविता गोराई के साथ सुबह धालभूमगढ़ बाजार करने आया था। दस बजे के बाद बाजार कर अपनी पल्सर संख्या जेएच05 एपी 2315 में सवार होकर पिताजुड़ी स्थित अपने घर जा रहा। इसी दौरान कोकपाड़ा और नलदोहा के बीच एनएच 33 में पीछे से एक अज्ञात कंटेनर ने पल्सर बाइक को रौंदते हुए बहरागोड़ा की ओर भाग गई। घटना के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस घटना में बिजेंद्र ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस 11:30 बजे पहुंची। कविता और बिजेंद्र को धालभूमगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां बिजेंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया तथा कविता की हालत को गंभीर बताते हुए उसे एमजीएम रेफर कर दिया गया। एमजीएम में भी उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मालूम हो कि एनएच 33 के फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण यहां आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है। जहां अच्छी सड़क है वहां स्थिति और खतरनाक हो गई है। हाइवे पर वाहन चलाना मतलब खतरा को आमंत्रण देने जैसा हो गया है।