गांव से निकलकर राष्ट्रीय फलक पर लहराएगी पटमदा की रिया, किया ये कमाल Jamshedpur news
पटमदा के होटल में काम करने वाले हलुवाई की बेटी जाएगी बेंगलुरू। राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस में दिखाएगी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा। युवा वैज्ञानिक के रूप में हुआ चयन।
जमशेदपुर/पटमदा, जेएनएन। साइंस फॉर सोसाइटी के तत्वावधान में भारत सरकार की ओर से आयोजित 27वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में पटमदा के प्रोजेक्ट हाईस्कूल की छात्रा रिया दत्ता को युवा वैज्ञानिक के रूप में चयनित किया गया है। इनका मॉडल अब राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।
रिया माचा गांव निवासी आशीष दत्ता की बेटी है। आशीष पटमदा के मंटू होटल में हलवाई हैं। रिया दत्ता प्रोजेक्ट गल्र्स हाई स्कूल पटमदा की नौवीं की छात्रा है। वह दो बहनों मे बड़ी है। रिया की मां का कुछ वर्ष पहले देहांत हो गया था। पिता ने दूसरी शादी की, जिससे एक भाई व एक बहन है। रिया के चयन होने की जानकारी 27वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के स्टेट को-ऑर्डिनेटर डीएनएस आनंद ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर दी है। रिया तीन से सात जनवरी तक बेंंगलुरू के यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर साइंस में आयोजित होने वाले 27वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के वार्षिक सेशन में भाग लेगी। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने छात्रा को शुभकामना दी है।
रिया ने बनाया यह मॉडल
रिया दत्ता ने बताया कि उसने ओजोला पर प्रोजेक्ट तैयार किया था। यह एक हरा चारा है, जिसे हम अपने घर में किसी जलाशय या नांद मे तैयार कर पशुओं की हरा चारा के रूप मे खिला सकते हैं। इस प्रोजेक्ट को तैयार करने मे विद्यालय के प्रचार्य दिलीप दत्ता व प्रियंका झा का विशेष योगदान रहा।