रतन टाटा ने संस्थापक दिवस पर पुरानी यादों को किया ताजा
संस्थापक दिवस के मौके पर रतन टाटा ने अपने इंस्ट्राग्राम पेज पर एक तस्वीर शेयर की है जो टाटा स्टील जमशेदपुर वर्क्स गेट की है। इस तस्वीर में रतन टाटा और जेआरडी टाटा संस्थापक जेएन टाटा की विशाल प्रतिमा के सामने खड़े हैं।
जासं, जमशेदपुर : संस्थापक दिवस के मौके पर रतन टाटा ने अपने इंस्ट्राग्राम पेज पर एक तस्वीर शेयर की है, जो टाटा स्टील जमशेदपुर वर्क्स गेट की है। इस तस्वीर में रतन टाटा और जेआरडी टाटा, संस्थापक जेएन टाटा की विशाल प्रतिमा के सामने खड़े हैं। इस तस्वीर पर कमेंट करते हुए रतन टाटा ने लिखा है कि इस संस्थापक दिवस समारोह पर मैं अपने गुरु जेआरडी टाटा के साथ। उनसे मेरा विशेष लगाव रहा। उनके साथ मेरी कई स्मृतियां हैं जिनसे मैं अविभूत रहा। साथ ही रतन टाटा ने टाटा समूह की सभी कंपनियों के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को संस्थापक जमशेद जी नसरवान जी टाटा की जयंती पर हार्दिक शुभकामनाएं दी है। कहा है कि कंपनी और कर्मचारियों के प्रति संस्थापक की सहानुभूति और दयालुता हमें प्रेरित करती रहेगी। रतन टाटा की शेयर की हुई तस्वीर को अब तक नौ लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया। रतन टाटा नियमित रूप से अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों को इंस्ट्राग्राम पेज पर शेयर करते रहते हैं। रतन टाटा के इंस्ट्राग्राम पेज पर 3.6 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर हैं। कई स्थानों पर मनाया गया संस्थापक दिवस बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त राम मंदिर की ओर से टाटा समूह के संस्थापक जेएन टाटा की जयंती पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि डेजी ईरानी ने भगवान का दर्शन किया एवं उनके द्वारा टाटा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहां पर सैकड़ों 950 महिलाओं को साड़ी एवं पुरुषों को धोती वितरित किया गया। इसके बाद असहाय लोगों को भोजन कराया गया। इस वर्ष डॉ. ईरानी के घायल हो जाने के कारण उनकी पत्नी डेजी ईरानी के हाथों कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर दीपेंद्र भट्ट, मंदिर अध्यक्ष बीडी गोपाल कृष्णा,मन्दिरम उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता जम्मी भास्कर, उपाध्यक्ष वाई श्रीनिवास, कोषाध्यक्ष बी विजय कुमार, एम. चन्द्रशेखर राव, कोतुर श्रीनू, सी एच रमना, पी कुमार, बी के राव,मनमड राव मंदा सहित सभी सदस्य उपस्थित थे। उधर, जोहार झारखंड सहित अन्य संस्थाओं की ओर से भी जयंती मनाई गई।