विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में महिला को बाइक टैक्सी बुक करना भारी पड़ा, रास्ता बदलकर की छेड़खानी का प्रयास; चलती बाइक से कूदी पीड़िता

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:47 PM (IST)

सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने रैपिडो बाइक चालक पर छेड़खानी और गलत दिशा में ले जाने का आरोप ...और पढ़ें

पुलिस ने आरोपित चालक दीपक झा गिरफ्तार, वाहन व मोबाइल बरामद।

पुलिस ने आरोपित चालक दीपक झा गिरफ्तार, वाहन व मोबाइल बरामद।

HighLights

  1. रैपिडो चालक पर महिला से छेड़खानी का आरोप लगा।

  2. महिला ने खतरा भांपकर चलती बाइक से छलांग लगाई।

  3. पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार झा को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रैपिडो बाइक चालक पर महिला से छेड़खानी और गलत नीयत से तय रास्ते से अलग दिशा में ले जाने का आरोप लगा है। महिला ने खतरा महसूस होने पर चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई।

महिला के अनुसार, उसने रैपिडो के माध्यम से बाइक बुक की थी। आरोप है कि चालक निर्धारित रास्ते पर जाने के बजाय दूसरे रास्ते की ओर बाइक ले जाने लगा। इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी की गई। महिला ने विरोध किया और खुद को असुरक्षित महसूस करने पर बाइक से छलांग लगा दी।

घटना के बाद महिला ने सीतारामडेरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपित चालक दीपक कुमार झा, टुइलाडुंगरी निवासी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल वाहन व मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। बाइक जहां से गुजरी है, उस एरिया से सीसीटीवी भी खंगाला जाएगा।

फरार आरोपित के घर गोलमुरी पुलिस ने चस्पा किया इश्तेहार

न्यायालय के आदेश पर गोलमुरी पुलिस ने फरार आरोपित वीर सिंह उर्फ पंडित के नामदा बस्ती स्थित घर पर इश्तेहार चस्पा किया। आरोपित जसवंत सिंह का पुत्र है और मकान नंबर 4, लाइन नंबर 15, नामदा बस्ती का निवासी है। पुलिस के अनुसार वीर सिंह काफी समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ इश्तेहार जारी किए जाने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने आवास पर पहुंचकर आदेश का तामिला कराया। पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देश के अनुसार की जाएगी।