Move to Jagran APP

राजीव गांधी ने जमशेदपुर में रखी थी माइकल जॉन ऑडिटोरियम की बुनियाद

जमशेदपुर शहर से राजीव गांधी की यादें जुड़ी हैं। वे पुत्र राहुल गांधी के साथ 18 अक्टूबर 1984 को जमशेदपुर आए थे।

By JagranEdited By: Published: Mon, 20 Aug 2018 07:00 AM (IST)Updated: Mon, 20 Aug 2018 07:00 AM (IST)
राजीव गांधी ने जमशेदपुर में रखी थी माइकल जॉन ऑडिटोरियम की बुनियाद
राजीव गांधी ने जमशेदपुर में रखी थी माइकल जॉन ऑडिटोरियम की बुनियाद

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने 18 अक्टूबर 1984 को जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम का शिलान्यास किया था। तब वे सिर्फ ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और सांसद हुआ करते थे। शिलान्यास करने से पहले उन्होंने सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की थी। बैठक के बाद उन्होंने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अलग से मुलाकात भी की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लगभग घंटे भर का समय दिया था। उस समय धनंजय महतो कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष हुआ करते थे। वहीं रामाश्रय प्रसाद युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष थे। इनके साथ ही कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी की शहर में अगवानी की थी। माइकल जॉन ऑडिटोरियम के शिलान्यास कार्यक्रम में राजीव गांधी के साथ उनके पुत्र और वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आए थे। शिलान्यास समारोह के बाद टाटा स्टील के अधिकारियों से राहुल गांधी ने जमशेदपुर शहर और टाटा स्टील के बारे में बहुत से सवाल किए थे। पूरी जानकारी मिल जाने के बाद ही वे संतुष्ट हुए। तब रूसी मोदी टाटा स्टील के सीएमडी और वीजी गोपाल टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष हुआ करते थे। राजीव गांधी ने दोनों से टाटा स्टील और कर्मचारियों के बारे में अलग से बातचीत भी की थी। राजीव गांधी ने जमशेदपुर शहर में लगभग ढाई घंटे समय बिताया था। राजीव गांधी के जमशेदपुर दौरे के 14 दिन बाद ही तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हो गई थी। इसके बाद राजीव गांधी को देश का प्रधानमंत्री घोषित किया गया था। खैर, आज 20 अगस्त को राजीव गांधी का जन्मदिन भी है। जमशेदपुर शहर उन्हें श्रद्धांजलि देकर याद करेगा। शहर में कई जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांवों में भी पुराने कांग्रेसी उन्हें शिद्दत से याद करेंगे। बतौर प्रधानमंत्री राजीव गांधी अपने कार्यकाल के दौरान बेहद लोकप्रिय रहे थे। उनकी युवा सोच का हर कोई कायल था।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.