Weather Alert : फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, तीन मार्च को होगी बारिश Jamshedpur News
Weather Alert. जमशेदपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में 29 फरवरी से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके बाद तीन मार्च से लौहनगरी समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश होगी।
जमशेदपुर, जासं। Rainfall possible on 3rd March at Jamshedpur Jharkhand अगर आप संस्थापक दिवस पर जुबिली पार्क घूमने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए यह बुरी खबर हो सकती है। जेएन टाटा के जन्मदिन पर लौहनगरी में मनाए जाने वाले संस्थापक दिवस के दिन तीन मार्च को बारिश होने की संभावना है।
इंद्र भगवान की नाराजगी दो दिन पहले से ही देखने को मिल सकती है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में 29 फरवरी से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके बाद तीन मार्च से लौहनगरी समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश होगी। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के कारण होगा। शहर और आसपास के क्षेत्रों में तीन दिनों तक रोज सुबह हुई बारिश ने शहरवासियों को परेशान कर दिया था। अब एक बार फिर मौसम बदलने की खबर से लोग चिंतित हैं। वैसे मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष सामान्य से अधिक गर्मी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है।
सामान्य से नीचे तापमान
मौसम विभाग ने गुरुवार को शहर का तापमान अधिकतम 27.3 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। दोनों ही तापमान सामान्य से कम है। शहर के तापमान में रोज उतार-चढ़ाव हो रहा है।