कल होगी बारिश, जानिए क्या है अगले सात दिन का मौसम विभाग का पूर्वानुमान
29 दिसंबर को बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगर आपका कोई काम फंसा हुआ है तो उसे आज ही निपटा लें। अन्यथा बुधवार को बारिश होने की वजह से उसे पूरा करने में आपको परेशानी हो सकती है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार दूसरे दिन आसमान में बादल छाए हुए हैं। सुबह से धूप नहीं निकली है। इस वजह से लोग घरों में ही दुबके हुए हैं। वहीं, शहर भी घने कोहरे से डूबा हुआ है। 20 कदम की दूरी पर खड़े लोग भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं। कोहरे की वजह से सुबह में टहलने वालों की संख्या में भी कमी है।
जुबिली पार्क में मॉर्निंग वाक करने वालों की संख्या काफी कम देखी गई। हालांकि, कोहरे से अभी शहरवासियों को निजात नहीं मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, 29 दिसंबर को बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगर आपका कोई काम फंसा हुआ है तो उसे आज ही निपटा लें। अन्यथा बुधवार को बारिश होने की वजह से उसे पूरा करने में आपको परेशानी हो सकती है। दरअसल, दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी, 30 दिसंबर से फिर होगा कम
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते एक सप्ताह का आंकड़ा देखा जाए तो न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है लेकिन बारिश के बाद यानी 30 दिसंबर से एक बार फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और इससे ठंड बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री का उतार-चढ़ाव होने की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में लोगों को सतर्क होने की जरूरत है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से मौसमी बीमारी होने की संभावना तेजी से बढ़ गई हैं। वैसे भी इससे संबंधित मरीज अस्पतालों में अधिक पहुंच रहे हैं।