Jharkhand में अभी गरज के साथ बारिश रहेगी जारी, मौसम विभाग ने छह जून तक जारी किया है अलर्ट
झारखंड सहित कोल्हान के कई इलाकों में छह जून तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। यास तूफान के चले जाने के बाद भी विभिन्न इलाकों में रुक रुक कर बारिश हो रही है। वज्रपात होने के कारण कई इलाकों में लोग घायल भी हो रहे हैं।
जमशेदपुर, जासंं। अभी बारिश से निजात नहीं मिलने वाली है। गर्जन के साथ-साथ वज्रपात और आंधी-पानी रोजाना होगी। इसे लेकर राज्य मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। इधर, रविवार की रात में भी शहर में जमकर बारिश हुई। रात 12 से लेकर सुबह चार बजेतक लगातार बारिश होते रही।
इससे मानगो के शंकोसाई, सोनारी सहित अन्य क्षेत्रों में पानी का जमाव हो गया और वह घरों में प्रवेश कर गया। इसे लेकर सोमवार को लोग काफी परेशान रहें। दिनभर पानी निकालने में जुटे रहें। वहीं, दिन मौसम सामान्य रहा लेकिन शाम होते ही फिर से गर्जन शुरु हो गई है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने अगले छह जून तक बारिश होने की संभावना जाहिर की है। वहीं, राज्य मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी है। 50 से 60 प्रति किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है। सोमवार का शहर का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।
आज भी बारिश होने की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। दो जून को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी तरह, छह जून तक रोजाना रूक-रूक कर बारिश हो सकती है। इधर, मौसम में लगातार बदलाव होने से मौसमी बीमारी भी बढ़ गई है। जिला सर्विलांस विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट किया है। जून माह से शहर में डेंगू, चिकुनगुनिया व जापानी बुखार के मरीज मिलने लगते हैं। वैसे भी शहर में मौसमी बीमारियों का गढ़ रहा है। बरसात के मौसम में पीलिया होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को काफी सतर्क करने की जरूरत है।
अगले सात दिन कैसा रहेगा तापमान
तिथि - अधिकतम - न्यूनतम
31 जून - 35.3 - 22.0
1 जून - 37.0 - 25.0
2 जून - 35.0 - 25.0
3 जून - 35.0 - 24.0
4 जून - 36.0 - 26.0
5 जून - 37.0 - 26.0
6 जून - 37.0 - 26.0