ओडिशा में मां की हत्या कर रसोई में दफनाने वाला फरार बेटा जमशेदपुर से गिरफ्तार, नाश्ते की दुकान पर कर रहा था काम
ओडिशा के पुरी में अपनी मां की हत्या कर शव को रसोई में दफनाने वाले आरोपी बेटे मदन गजानन दलेई को 57 दिनों बाद जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी जमशेदपुर में एक नाश्ते की दुकान पर काम कर रहा था और पुलिस की गहन जांच के बाद पकड़ा गया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
HighLights
आरोपी बेटा मदन दलेई जमशेदपुर से गिरफ्तार हुआ।
57 दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने पकड़ा।
जासं, जमशेदपुर। ओडिशा के पुरी में अपनी मां की हत्या कर शव को घर की रसोई में दफनाने के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी बेटे को पुलिस ने 57 दिनों की लंबी तलाश के बाद झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान 40 वर्षीय मदन गजानन दलेई के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के समय वह जमशेदपुर में टाटानगर स्टेशन के पास एक नाश्ते की दुकान पर मजदूरी कर रहा था।
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स की बारीक तकनीकी जांच की गई थी।
यह खौफनाक मामला गत 24 अगस्त को प्रकाश में आया था। पुरी में किराए के मकान की मालकिन मनोरमा साहू ने एक बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी।
सूचना पर कुंभारपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को रसोई के फर्श का एक हिस्सा नए सिरे से सीमेंट से ढका हुआ मिला।
संदेह होने पर जब उस हिस्से की खुदाई कराई गई, तो वहां से एक महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान आरोपी मदन की मां अन्नपूर्णा दलेई के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, शव को छिपाने के दुर्दांत इरादे से उसके ऊपर कंक्रीट की परत बिछाई गई थी। पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि मां-बेटे पिछले पांच-छह महीने से इस किराए के मकान में रह रहे थे।
आसपास के लोगों से उनका ज्यादा मेलजोल नहीं था। वे सुबह घर से निकलते थे और रात करीब 11 बजे लौटते थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि दोनों दिनभर जगन्नाथ मंदिर के पास बैठकर भीख मांगते थे।
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि 21 अगस्त को आरोपी ने बाजार से बालू और सीमेंट खरीदा था। पुलिस को अंदेशा है कि अन्नपूर्णा दलेई की हत्या या मौत 20 अगस्त को हुई थी।
जिसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रसोई में ही दफना दिया। हालांकि, मौत की असल वजह और हत्या के तौर-तरीकों की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।
वारदात के बाद से फरार मदन की तलाश में पुरी पुलिस ने तमिलनाडु, महाराष्ट्र और ओडिशा के गजपति जिले समेत कई राज्यों में छापेमारी की।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम की भी घोषणा की गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बहुत कम डिजिटल साक्ष्य छोड़ रहा था, जिससे उसे पकड़ने में कठिनाई आ रही थी।
इसी बीच पुलिस को पक्का सुराग मिला कि वह वापस जमशेदपुर लौट आया है और एक नाश्ते की दुकान पर काम कर रहा है।
त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंभारपाड़ा थाने की टीम ने जमशेदपुर पहुंचकर उसे दबोच लिया और पुरी अपने साथ ले गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
