पोटका में सिकंदर हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग में 1.80 लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या, 4 गिरफ्तार
पुलिस ने पोटका के चर्चित सिकंदर हत्याकांड का सात दिनों में खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रेम ...और पढ़ें

1 सितंबर को झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित बानाकाटा जंगल से सिकंदर का शव बरामद हुआ था।
HighLights
सिकंदर हत्याकांड का सात दिनों में पुलिस ने किया खुलासा।
प्रेम प्रसंग के कारण 1.80 लाख की सुपारी दी गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता मिंटू साव।
संसू, पोटका । कोवाली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सिकंदर हत्याकांड का पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस हत्या के पीछे मुख्य वजह प्रेम संबंध था।
बानाकाटा जंगल में मिला था शव
1 सितंबर को झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित बानाकाटा जंगल से सिकंदर का शव बरामद हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा था।
मृतक के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, अजंता महतो और रोशन कुजूर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परशुराम दास को गिरफ्तार किया।
1.80 लाख रुपये में तय हुई थी सुपारी
पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी मिंटू साव ने सिकंदर को रास्ते से हटाने के लिए सुंदर दास को 1.80 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
इसमें से 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे और बाकी की रकम काम होने के बाद देनी तय हुई थी। इसके बाद सुंदर दास ने हत्या को अंजाम देने के लिए आकाश दास और परशुराम दास को अपने साथ शामिल किया।
घूमने के बहाने जंगल बुलाकर की गई हत्या
31 अगस्त की रात करीब 11 बजे सिकंदर को घूमने के बहाने बानाकाटा जंगल ले जाया गया। कुछ ही देर में मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परशुराम दास एक सफेद रंग की कार से वहां पहुंचे।
आरोपियों ने लोहे के जीआई पाइप से सिकंदर के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सफेद कार, दो लोहे के पाइप, 20 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, मुख्य आरोपी मिंटू साव का पूर्व में भी पोटका थाना में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
