मंझारी में एक एकड़ से अधिक क्षेत्र में अफीम की फसल पुलिस ने किया नष्ट Jamshedpur News
मंझारी थाना के इपिलसिंगी गांव में तकरीबन 1 एकड़ से अधिक भूमि पर लगभग तैयार अफीम की फसल को सदर कार्यपालक दंडाधिकारी की उपस्थिति में नष्ट किया गया है।
चाईबासा/जमशेदपुर (जेएनएन)। कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा की पुलिस ने बुधवार को मंझारी थाना क्षेत्र में एक एकड़ से अधिक क्षेत्र में तैयार अफीम की फसल को नष्ट किया है।
सदर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि मंझारी थाना के इपिलसिंगी गांव में तकरीबन 1 एकड़ से अधिक भूमि पर लगभग तैयार अफीम की फसल को सदर कार्यपालक दंडाधिकारी जितेंद्र कुमार यादव की उपस्थिति में नष्ट किया गया है।
एसपी को मिली थी अफीम की खेती की गुप्त सूचना
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को मंझारी थाना क्षेत्र के गांव के लोगों द्वारा अफीम की खेती करने की गुप्त सूचना मिली थी। उक्त गांव में सूचना के सत्यापन के लिए तीव्रता पूर्वक कार्रवाई करते हुए पाया गया कि इफिलसिंगी के रोदोवासा टोला में सेलाई चंपिया की जमीन पर उसके एवं उसके बेटे सुरेंद्र चंपिया के द्वारा व्यापक स्तर पर अवैध रूप से अफीम की खेती की गई है।
अफीम की फसल को नष्ट करते पुलिस के जवान
इनलोगों के द्वारा अफीम की तैयार फसल में कुछ फसल को निकाला भी गया है। इस जानकारी के मिलने के बाद कार्रवाई दल के द्वारा वहां पहुंचकर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए फसल को नष्ट किया गया है। इस घटना में जो भी संलिप्त हैं उनकी गिरफ्तारी हेतु व्यापक स्तर पर छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि चाईबासा जिला पुलिस का यह भरसक प्रयास है कि अवैध रूप से मादक पदार्थ की तस्करी या खेती पर अंकुश लगाने के साथ-साथ इनके पूरे संगठन का पर्दाफाश करते हुए इसे ध्वस्त किया जाए।