परसुडीह में पुलिस को बंधक बना छुड़ा लिया चोरी के आरोपितों को
परसुडीह थाना क्षेत्र में सरजामदा गांव के शीतला मंदिर के पास स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बंधक बना चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति को छुड़ा लिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में सरजामदा गांव के शीतला मंदिर के पास स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बंधक बना चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति को छुड़ा लिया। अब नाक बचाने को पुलिस यह दलील दे रही कि गांव वालों की बातों पर भरोसा कर हिरासत मे लिए गए युवक को थाने से छोड़ दिया गया। ग्रामीणों के कहना है कि युवक निर्दोष है। हालांकि इस सवाल का जवाब कोई नहीं दे रहा कि जब पुलिस के पास युवक के खिलाफ पुख्ता प्रमाण था ही नहीं तो उसे गिरफ्तार करने की क्या जरूरत थी?
हुआ यूं कि बुधवार की रात सरजामदा शीतला नगर के पास रहने वाले लकड़ी टाल के मालिक जगदीश बदुक की तीन गाड़ियों की बैटरी चोरी कर ली गई थी। जगदीश ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए चार युवकों पर चोरी को अंजाम देने का संदेह जताया था। इसी के बाद गुरुवार रात साढ़े नौ बजे के करीब पुलिस थाने के पेट्रोलिंग वाहन से घटनास्थल पर पहुंची और संदेह के आधार पर चार युवकों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। पुलिस उन लोगों को लेकर थाना की ओर चली। तभी आरोपितों के परिजन व अन्य लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे। कुछ लोग पुलिस वाहन के आगे आकर खड़ा हो गए और उसे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस द्वारा चार युवकों को हिरासत में लिए जाने की खबर जंगल में आग की तरह इलाके में फैली और देखते ही देखते हरवे हथियार के साथ बड़ी संख्या में पुरूष व महिलाएं वहां आ धमके। उनके तेवर काफी उग्र थे। इन लोगों ने चारों तरफ से पुलिस वाहन को घेर लिया और पुलिस कर्मियों को बंधक बना लिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस ने निर्दोष युवकों को हिरासत में लिया है। इसलिए तुरंत सभी को छोड़ा जाए। उस समय पुलिस वाहन में एक महिला एएसआइ, एएसएआइ जैकी खान और दो पुलिस कर्मी सवार थे। भीड़ से घिरने के बाद परसुडीह थाना प्रभारी अनिमेष गुप्ता को मामले की जानकारी दी। तब थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को तत्काल युवकों को छोड़ देने को कहा। उन्होंने उक्त महिला अधिकारी के फोन से ही ग्रामीणों सो बात की और उनका पक्ष जाना। इसी दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिसिया संपर्क सूत्र को वहां भेजा। इसी दौरान सिटी पुलिस पेट्रोलिंग वाहन भी वहां पहुंच गया। थाना प्रभारी के बात होने के बाद चारों युवकों को अपने कब्जे में लेकर पुलिस कर्मियों को आजाद कर दिया। कुछ समय के बाद परसुडीह थाना प्रभारी वहां पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। उनकी स्थानीय लोगो से भी बात हुई। इसमें तय हुआ कि उक्त चारों युवकों को शुक्रवार को थाना लाया जाएगा। वहीं पर उनसे पूछताछ की जाएगी। इसमें ं जो सच्चाई सामने आएगी उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।
-----------------------