घर लौट रहे व्यक्ति को मारी गोली, घर में सो रही महिला की हत्या
murder. कुचाई थाना इलाके में एक व्यक्ति की गोली मारकर जबकि खरसावां में घर में सो रही महिला की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई।
खरसावां, जेएनएन। सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के काडेकेदा पुलिया के पास 50 वर्षीय छोटू कालिंदी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। वह कुचाई से बाइक पर सवार हो कर अपने घर खरसावां स्थित तोड़ांगडीह जा रहे थे। इसी बीच घात लगाकर बैठे अज्ञात अपराधियों ने पीठ में गोली मार दी। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी मिलने के बाद कुचाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। लेकिन, शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हुआ। शनिवार को होगा। बेटी ज्योति कालिंदी ने परिवार के कुछ लोगों पर घरेलू विवाद में हत्या कराने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस परिजन से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी उदय गुप्ता ने कहा कि बेटी ज्योति कालिंदी के बयान की सत्यता की भी जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी माला कालिंदी से भी पूछताछ की गई है। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे छोटू कालिंदी कुछ निजी काम से कुचाई आया था। कार्य पूरा कर दोपहर में घर लौट रहा था।
- छोटू कालिंदी की हत्या के सही कारणों की पड़ताल की जा रही है। मृतक की पत्नी व बेटी के बयान की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी ङ्क्षबदुओं पर जांच करेगी। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
- उदय गुप्ता, कुचाई थाना प्रभारी
घर में सो रही महिला की धारदार हथियार से हत्या
खरसावां थाना क्षेत्र के सिलिंंपगदा गांव के गोजाडुंगरी टोला में अपराधियों ने घर में सो रही 75 वर्षीय सोनिया सरदार की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। महिला कमरे में थी। पति आंगन में सो रहे थे। उधर, बेटा गुरबा सरदार मेला देखने गया था। रात को जब गुरबा सरदार घर लौटा तो मां का शव देखकर दंग रह गया। शुक्रवार सुबह थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। खरसावां थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने कहा कि पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुटी है। जल्द ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।