Chaibasa News : चाईबासा सदर अस्पताल में मरीजों को 20 मई से सील बंद पैकेट में भोजन मिलेगा, 100 रुपए आएंगे खर्च
Chaibasa Health News स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को भोजन की आपूर्ति करने के लिए जमशेदपुर की कंपनी मेसर्स निखिल होटल एंड केटरर को टेंडर दिया गया है। पिछले दिनों सदर अस्पताल प्रबंधन ने निविदा निकाली थी। निविदा में तीन आपूर्तिकर्ताओं ने भाग लिया था।
चाईबासा,जासं : चाईबासा स्थित सदर अस्पताल में मरीजों को 20 मई से सील बंद पैकेट में भोजन मिलेगा। मरीजों को भोजन की आपूर्ति करने के लिए जमशेदपुर की एक कंपनी मेसर्स निखिल होटल एंड केटरर को टेंडर दिया गया है। पिछले दिनों सदर अस्पताल प्रबंधन ने निविदा निकाली थी। निविदा में तीन आपूर्तिकर्ताओं ने भाग लिया था। चयन समिति ने जमशेदपुर के मेसर्स निखिल होटल एंड केटरर को न्यूनतम रेट डालने की वजह से टेंडर दे दिया है।
एक मरीज को 100 रुपए खर्च करने होंगे
मरीजों को तीनों समय निर्धारित मीनू के अनुसार सील बंद पैकेट में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह खाना अस्पताल की रसोई घर में ही पकाया जाएगा। रसोई घर में लकड़ी या कोयला जलाना वर्जित रहेगा। सारा भोजन एलपीजी गैस सिलेंडर से ही पकेगा। सुबह का नाश्ता में ब्रेड, चूड़ा, सेब, केला, अंडा, दूध एवं दोपहर व रात के भोजन में चावल, चना, मूंग व मसूर की मिक्स दाल, हरी सब्जी, आटा रोटी, मसाला मिक्स, पनीर, दही, सोयाबीन, आलू आदि का उपयोग किया जायेगा। इसमें एक मरीज पर 100 रुपये का खर्च आएगा। यह खर्च सरकार वहन करेगी। मरीज को सुबह में नाश्ता, दोपहर व रात में भोजन मुफ्त मिलेगा। अभी सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों को 50 रुपये में थाली में भोजन परोसा जाता है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि भोजन की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जायेगा। गुणवत्ता की जांच प्रतिदिन सदर अस्पताल के उपाधीक्षक करेंगे। यह अनिवार्य किया गया है। गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उसकी सारी जवाबदेही भोजन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी पर होगी। जिस दिन गड़बड़ी होगी, उस दिन का भुगतान एजेंसी को नहीं किया जायेगा।