प्याज की आसमान छूती कीमत से मिलेगी राहत, आया इस देश का प्याज Jamshedpur News
आसमान छूती प्याज की कीमतों के बीच लंबे समय बाद अफगानिस्तान से प्याज मंगाकर राहत देने की कोशिश शुरू हुई है। तुर्की से भी प्याज मंगाने की तैयारी हैैै।
जमशेदपुर, मनोज कुमार सिंह। आसमान छूती प्याज की कीमतों के बीच लंबे समय बाद जमशेदपुरवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। अफगानिस्तान से प्याज मंगाकर राहत देने की कोशिश शुरू हुई है। बुधवार को तुर्की से भी प्याज आने की सूचना है। मंगलवार को परसुडीह मंडी में अफगानिस्तान से आया प्याज 60 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से थोक भाव में बेचा गया। यानी यह प्याज आम लोगों को 65 से 70 रुपये प्रतिकिलो मिलेगा। वर्तमान में शहर की सब्जी बाजार में प्याज 100 से लेकर 120 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है।
अफगानिस्तान से पंजाब के रास्ते जमशेदपुर पहुंचा प्याज
प्याज अफगानिस्तान से पंजाब के रास्ते जमशेदपुर लाया जा रहा है। दरअसल, इसे पंजाब के व्यापारी सीधे अफगानिस्तान से मंगा रहे हैं। पंजाब के व्यापारी से परसुडीह के व्यापारी खरीद रहे हैं। पहली खेप में एक टन प्याज परसुडीह मंडी पहुंचा। इसके बाद और भी स्टॉक मंगाया जा रहा है। यहां के व्यापारियों के व्यापारिक संबंध के चलते यह संभव हुआ है। अफगानिस्तान से पंजाब लाने के बाद इस प्याज को पंजाब से जमशेदपुर पहुंचने में करीब चार दिन का समय लग रहा है। बुधवार को तुर्की से दूसरी खेप पहुंचने की बात व्यापारी कह रहे हैं।
100 ग्राम से लेकर 400 ग्राम तक एक प्याज
यह प्याज भारतीय किस्म से थोड़ा अलग और बड़ा है। इस प्याज को मंगानेवाले परसुडीह मंडी के थोक व्यापारी नरेश कुमार ने बताया कि एक प्याज का वजन कम से कम सौ ग्राम है। सौ ग्राम से लेकर चार सौ ग्राम तक के प्याज इसमें है। एक बैग में करीब पांच से सात किलों प्याज है। अब इसे शहर के खुदरा व्यापारियों को बेचा जाएगा। ग्राहकों को पसंद आया तो इसे और ज्यादा मात्रा में मंगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्याज का साइज बड़ा होने के कारण होटलों व रेस्टोरेंट में इसकी खूब मांग होगी।