राजनीति को करियर के रूप में छात्रों ने ठुकराया
मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल (एमएनपीएस) में चुनाव लाइव का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने राजनीति को कॅरियर के रूप में नापसंद किया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता): मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल (एमएनपीएस) में चुनाव लाइव का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने चुनाव और राजनीतिक पार्टियों की नीतियों को लेकर कई विचार रखे। छात्रों ने इसमें राजनीति को करियर के रूप में अपनाने से साफ इंकार कर दिया। कहा कि इसमें कई समस्याएं है। संविधान और राजनीति के प्रति जागरूकता के लिए पीपुल फॉर चेंज संस्था के साथ मिलकर आज पाच राज्यों के चुनाव परिणाम पर बच्चों के बीच पैनल डिस्कशन हुआ। इसके लिए अलग-अलग टीम बनाई गई थी। विद्यार्थियों ने कहा कि नई पीढ़ी जाति -धर्म की और उसकी आड़ में फूट डालकर राजनीति को बर्दाश्त नहीं करती है। चुनाव परिणाम इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। युवा वर्ग अब इससे उपर उठ चुका है। बच्चों का कहना है कि राजनीतिक दलों के नेता धर्म औऱ जाति की घटिया राजनीति न करें। इन्ही वजहों से अच्छे लोग राजनीति से दूर रखना चाहते है। कार्यक्रम में पीपुल फॉर चेंज की ओर से सौविक साहा और प्रिंसिपल आशु तिवारी भी मौजूद थी।
झामुमो 10 जनवरी तक चलाएगा सदस्यता अभियान
झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। तय हुआ कि केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार 10 दिसंबर से 10 जनवरी तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग दो लाख लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी। 11 जनवरी को गालूडीह फुटबॉल मैदान में शिबू सोरेन का जन्मदिन व स्व. सुनील महतो की जयंती मनाई जाएगी। 25 दिसंबर को शहीद निर्मल महतो की जयंती कदमा उलियान में आयोजित की जाएगी। मनरेगा में निबंधित श्रमिकों को 100 दिन के रोजगार न मिलने पर मुआवजे के लिए आंदोलन किया जाएगा। पारा शिक्षकों के साथ रोजगार सेवकों के आंदोलन को झामुमो जिला समिति पूरी तरह से समर्थन करेगी। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक रामदास सोरेन ने कहा कि जिला समिति इस जिले में अधिक से अधिक सदस्य बनाकर पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन को उपहार देगी। बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष सविता महतो, केंद्रीय महासचिव मोहन कर्मकार, राजू गिरी, शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, सुनील महतो, संजीव सरदार, महावीर मुर्मू, सनातन माझी, नरोत्तम दास, राजीव महतो, जोनदास बास्के, बबलू चौधरी सहित तमाम लोग मौजूद थे।