आक्सीजन बैंक से अस्पतालों का बोझ घटा, संस्थाएं तैयार कर रहीं बैंक Jamshedpur News
Oxygen Bank. लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर के साथ लायंस क्लब ऑफ टाटानगर गोलमुरी व कालीमाटी शाखा ने मंगलवार को साकची स्थित आमबगान मैदान के पास आक्सीजन बैंक खोला। इनके पास दो किलो आक्सीजन गैस की क्षमता वाले सिलेंडर भी है।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर शहर में इन दिनों कोविड-19 (कोरोना) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे हैं। आमतौर पर अस्पताल की जरूरत आक्सीजन या वेंटिलेटर के लिए महसूस होती है, क्योंकि कोरोना के गंभीर मरीजों को सबसे पहले सांस लेने में दिक्कत होती है। इसे देखते हुए शहर की तमाम संस्थाएं आक्सीजन बैंक बनाने में जुटी हैं। लायंस व रोटरी क्लब समेत विभिन्न संस्था लगातार आक्सीजन बैंक बना रही है। ये ना केवल जरूरतमंदों को कम कीमत या नाममात्र के शुल्क पर आक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि गरीबों को निश्शुल्क भी उपलब्ध करा रहे हैं।
लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर के साथ लायंस क्लब ऑफ टाटानगर, गोलमुरी व कालीमाटी शाखा ने मंगलवार को साकची स्थित आमबगान मैदान के पास आक्सीजन बैंक खोला। इनके पास दो किलो आक्सीजन गैस की क्षमता वाले सिलेंडर भी हैं, जिसके लिए सिर्फ गैस री-फिलिंग के 300 रुपये लिए जा रहे हैं। वहीं रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के आक्सीजन बैंक में 30 किलो, पांच किलो व दो किलो के आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के चेयरमैन (पब्लिक रिलेशन) प्रमोद दुबे बताते हैं कि हमने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, ताकि कोई भी व्यक्ति हमसे संपर्क कर सके। हम बड़े सिलेंडर का भी 3750 रुपये सिक्युरिटी मनी के रूप में लेते हैं। इसके साथ 400 रुपये गैस री-फिलिंग का शुल्क लिया जाता है। जैसे ही उपयोग करने वाला सिलेंडर, किट, ट्रॉली आदि सही स्थिति में लौटा देता है, उसे 2950 रुपये लौटा दिया जाता है। सिलेंडर की व्यवस्था क्लब के सदस्य मिलकर कर रहे हैं।
दो किलो गैस क्षमता के सिलेंडर के लिए तीन सौ रुपये रीफिंग चार्ज
वहीं लायंस क्लब की जोन चेयरपर्सन पूरबी घोष बताती हैं कि हम दो किलो गैस क्षमता का सिलेंडर 300 रुपये री-फिलिंग चार्ज लेकर उपलब्ध करा रहे हैं। चूंकि सिलेंडर काफी सीमित संख्या में उपलब्ध हैं, लिहाजा हम उन्हें ही सिलेंडर दे रहे हैं, जो बहुत ज्यादा जरूरतमंद हैं। ऐसे मरीज को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसे सिर्फ सांस लेने में परेशानी की वजह से अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आ गई हो। हम ऐसे मरीज को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर जा रहा है और उसे डॉक्टर ने आक्सीजन सिलेंडर का उपयोग करने की सलाह दी हो।
मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी क्षमता बढ़ाने की तैयारी में
इनके अलावा शहर में मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी समेत अन्य संस्था भी आक्सीजन सिलेंडर वितरण कर रही हैं। इन क्लब के पदाधिकारियों का दावा है कि आक्सीजन सिलेंडर बाहर में इस तरह आसानी से उपलब्ध होने से अस्पतालों का बोझ कम हुआ है, वरना कई लोग सिर्फ इसी वजह से कई-कई दिन अस्पताल में भर्ती रहते थे। आने वाले दिनों में आक्सीजन बैंक की क्षमता बढ़ाई जाएगी।